लखनऊ मार्ग पर रोडवेज के साथ चलेंगी प्राइवेट बसें, राज्य परिवहन प्राधिकरण तय करेगा बसों की संख्या
वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर प्राइवेट बसों का परमिट नहीं होने के चलते छोटे-बड़े डग्गामार वाहन संचालित होते हैं। जल्द पहुंचने के चलते वाहन अक्सर दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते मुख्यालय ने प्राइवेट बसों को संचालित करने का निर्णय लिया है।
वाराणसी, जेएनएन। वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए परिवहन निगम के साथ अब लग्जरी प्राइवेट बसें भी चलाई जाएंगी। परिवहन निगम और प्राइवेट बसों का किराया समान होगा जिससे यात्रियों के जेब पर अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा। फिलहाल सर्वे शुरू हो गया है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद मुख्यालय परिवहन निगम और प्राइवेट बसों की संख्या निर्धारित करेगा। फिलहाल 150 रोडवेज बसें संचालित हो रही हैं। अनुबंधित वोल्बो और स्कैनिया बस भी चलती हैं लेकिन किराया अधिक होने के कारण सभी यात्री बैठना नहीं चाहते हैं।
डग्गामारी पर लगेगी रोक
वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर प्राइवेट बसों का परमिट नहीं होने के चलते छोटे-बड़े डग्गामार वाहन संचालित होते हैं। जल्द पहुंचने के चलते वाहन अक्सर दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। डग्गामार वाहन पकड़े जाने से यात्रियों को परेशानी होती है। उन्हें बीच सड़क उतार दिया जाता है।
मुख्यालय ने प्राइवेट बसों को संचालित करने का निर्णय लिया है
वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर सिर्फ परिवहन निगम की बसें संचालित होती हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते मुख्यालय ने प्राइवेट बसों को संचालित करने का निर्णय लिया है।
-एसके राय, क्षेत्रीय प्रबंधक