प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने बढ़ाया खिलाड़ियों का मान : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों का सम्मान किया है। उनका मान बढ़ाया है। देश की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश में बनने जा रही है। कई खेल मैदान व इंडोर स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।
बलिया, जागरण संवाददाता। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों का सम्मान किया है। उनका मान बढ़ाया है। देश की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश में बनने जा रही है। कई खेल मैदान व इंडोर स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में यूपी खेल के क्षेत्र में ऊंचाइयों पर होगा।
वे मंगलवार को नरहीं के खेल मैदान में खेल निदेशालय की ओर से आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण व समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने नरहीं व कथरिया में मिनी स्टेडियम बनवाने की घोषणा की। इसके लिए 12 जनवरी से पहले धनराशि भी स्वीकृत करने की बात कही। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे सुदूर क्षेत्र में बड़े स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन प्रशंसनीय है। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल और खिलाड़ी के लिए हमेशा उपलब्ध रहता हूं। खिलाड़ियों का सम्मान प्राथमिकता है। ओलंपिक में भाग लेने और पदक जीत कर आए खिलाड़ियों का सम्मान पीएम व सीएम ने किया।
सीएम ने प्रदेश में नहीं चलने दी गुंडागर्दी
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में गुंडागर्दी नहीं चलने दी। अपराधियों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलवाए। लोग शांति चाहते हैं। कोरोना महामारी के समय 80 करोड़ लोगों को दोगुना राशन दिया गया। हर जरूरतमंद को निश्शुल्क सिलेंडर, पक्का मकान व अन्य मूलभूत सुविधाएं दी गईं। यही वजह है कि लोगों का भरोसा आज भी पीएम मोदी व सीएम योगी पर है। अध्यक्षता कर रहे सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने पहली बार जनपद आए केंद्रीय खेल मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने फेफना में दो करोड़ रुपये सांसद निधि से देने की बात कही।
छापे से चुनाव का कोई लेना-देना नहीं : अनुरागकार्यक्रम से इतर पत्रकारों से वार्ता में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने इत्र कारोबारी पीयूष जैन पर कार्रवाई के सवाल पर कहा कि सरकारी एजेंसी अपने डाटा के हिसाब से कार्य करती है। इस छापे का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। कोरोना वैक्सीनेशन के मुद्दे पर कहा कि जब वैक्सीन बनी तो विपक्षी पार्टियां इसे भाजपा का वैक्सीन बता रही थीं परंतु आज स्थिति यह है कि सबने यह वैक्सीन लगवा ली है।