Gazipur में त्रिभुवन नारायण हत्या मामले में ढोलक के पिता समेत दो को पुलिस ने भेजा जेल
गाजीपुर देवचंदपुर स्थित पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर त्रिभुवन नारायण सिंह की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को जेल भेज दिया। ढोलक को पुलिस ने गोरखपुर से गिरफ्तार किया है। इसके बाद इसे लाकर खानपुर थाने में बैठाकर पूछताछ की जा रही है।
गाजीपुर, जेएनएन। देवचंदपुर स्थित पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर त्रिभुवन नारायण सिंह की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को गुरुवार को जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी देवंचदपुर गांव निवासी आनंद उर्फ ढोलक सिंह के पिता रंगबहादुर सिंह व करंडा थाना क्षेत्र के गोशंदेपुर निवासी अरुण सिंह को पुलिस ने गुरुवार को उनके घर से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ धारा 216 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जेल भेज दिया।
ढोलक की गिरफ्तारी से भी पुलिस कर रही इनकार
इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी ढोलक सिंह की गिरफ्तारी की खबर आ रही है, लेकिन पुलिस इससे भी इन्कार कर रही है। जानकारी मिल रही है आनंद सिंह उर्फ ढोलक को पुलिस ने गोरखपुर से गिरफ्तार किया है। इसके बाद इसे लाकर खानपुर थाने में बैठाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस से पूछने पर पुलिस इससे इनकार कर रही है।
48 घंटे में हो सकता है पर्दाफाश
देवचंदपुर पेट्रोल पर त्रिभुवन नारायण सिंह की हत्या के मामले में पुलिस कप्तान से लगायत आइजी तक लगे
हुए हैं। दोनों मुख्य आरोपितों की पकड़ के बाद लग रहा है कि पुलिस 48 घंटे में घटना का पर्दाफाश कर सकती है। पुलिस लगातार अन्य आरोपितों की तलाशी में गोरखपुर से लगायत लखनऊ से छापेमारी कर रही है।