Varanasi में असलहा सटाकर पर भाजपा नेता की पुत्री से लूट, सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाल रही पुलिस
वाराणसी के सिगरा गांधी नगर कॉलोनी में सोमवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष की पुत्री को लूट लिया।
वाराणसी, जेएनएन। सिगरा थानांतर्गत गांधी नगर कॉलोनी में सोमवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष की पुत्री को लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बड़ी ही आसानी से भाग निकले। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला। पीड़िता की तहरीर पर लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोने की चेन और पास में रखा पर्स छीन लिया
मिली जानकारी के अनुसार गांधी नगर निवासी अशोक कोहली की पुत्री सारिका कोहली सोनिया स्थित मेडिकल शॉप से दवा लेकर घर लौट रही थी। घर से चंद कदम पहले बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। पीछे बैठे युवक ने असलहा दिखाकर सोने की चेन और पास में रखा पर्स छीन लिया। पीड़िता को शोर मचाने का भी मौका नहीं मिला। बदमाश गांधी नगर के रास्ते भाग निकले। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। शाम को क्षेत्राधिकारी चेतगंज व सिगरा इंस्पेक्टर भाजपा नेता के घर पहुंचे। घटना के बाबत जानकारी ली। पीड़िता के अनुसार चेन की कीमत लगभग 50 हजार है, जबकि पर्स में उनके 7 हजार रुपये थे। पुलिस के अनुसार लूट की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच चल रही है।
स्नेचिंग के लिए शॉफ्ट जोन बना सिगरा
चेन स्नैचिंग जैसी घटना के सिगरा इलाका शॉफ्ट जोन बन चुका है। भाजपा नेता अशोक कोहली ने बताया कि गांधी नगर कॉलोनी सेफ नहीं रही। अक्सर परिसर में अराजकतत्वों का गुजरना लगा रहता है। वही दूसरी ओर पिछले आंकड़ो पर गौर करें तो हौसला बंद बदमाशों ने एक नवंबर 2019 को एक घंटे के अंदर दो छिनैतियां की। जिसका आजतक खुलासा नहीं हुआ। पहली घटना सुबह 8.30 बजे महमूरगंज पद्मिनी होटल के पास घटी। जब पूजा मेघनानी 27 वर्षीय पत्नी उत्तम कुमार मेघनानी निवासी तारा धाम के साथ घटी। वहीं दूसरी घटना सोनिया पुलिस चौकी से मात्र 20 मीटर दूरी पर झूमा चक्रवर्ती 25 वर्षीय पत्नी अजीत गौतम के साथ हुई। इसके पूर्व सोनिया में ही दवा व्यवसायी जवाहर सिंह की पत्नी भी छिनैती की शिकार हो चुकी है।