पीएम का सांसद आदर्श गांव डोमरी भी सूजाबाद नगर पंचायत में शामिल
जागरण संवाददाता रामनगर सूजाबाद नगर पंचायत को कैबिनेट की हरी झंडी मिल गई है। दो गांवों
जागरण संवाददाता, रामनगर : सूजाबाद नगर पंचायत को कैबिनेट की हरी झंडी मिल गई है। दो गांवों को शामिल कर नगर पंचायत बनाई जाएगी। इसमें सूजाबाद के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सांसद आदर्श गांव डोमरी को भी शामिल किया गया है। अब स्थानीय स्तर पर नोटिफिकेशन आना शेष रह गया है। इसके बाद दोनों गांवों को मिलाकर करीब 45 हजार की आबादी को नगरीय सुविधाएं प्रदान करने की कवायद शुरू हो जाएगी। इससे जहां ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा वहीं रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।
इसके साथ ही अब वाराणसी में नगर पंचायत की संख्या दो हो जाएगी। वर्तमान में नगर पंचायत गंगापुर वजूद में है। सूजाबाद नगर पंचायत को कैबिनेट की स्वीकृति के बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
जल निकासी सबसे बड़ी समस्या : जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर गंगा पार बसे सूजाबाद गाव में सबसे बड़ी समस्या जल निकासी की है। डोमरी गाव का भी कुछ यहीं हाल है। नगर पंचायत बनने के बाद लोगों में इस बात की भी खुशी हैं कि सड़कों का अंधियारा अब मिट जाएगा। दोनों गावों में मूलभूत सुविधाएं बढ़ेंगी।
नगर जैसी मिलेंगी सुविधाएं : रामनगर पालिका अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा है कि सरकार की यह पहल अच्छी है। इससे पीएम मोदी के सांसद आदर्श गांव डोमरी का समुचित विकास होगा। नगरीय क्षेत्र की मूलभूत सुविधाएं ग्रामीणों को मिलेंगी।
--
सासद आदर्श गाव बनने के बाद गाव की काफी समस्याएं कम हुई है। अब नगर पंचायत बनने के बाद जल निकासी, मार्ग प्रकाश, कचरा प्रबंधन आदि की व्यवस्था भी दुरुस्त हो जाएगी।
- छोटेलाल पटेल, ग्राम प्रधान, डोमरी
--
नगर पंचायत बनाने के लिए काफी समय से संघर्ष किया जा रहा था। काशी विद्यापीठ ब्लाक से गांव की काफी दूरी है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी होती रही है। अब सहूलियत हो जाएगी।
-बनारसी निषाद, ग्राम प्रधान, सूजाबाद बोले लोग :
वैसे देखा जाए तो दोनों ही गाव केवल नाम के ही गाव हैं। सूजाबाद में तो खेती योग्य भूमि लगभग नगण्य है। डोमरी गाव में भी वृहद स्तर पर खेती नहीं होती है। अब नगरीय सुविधाएं मिलेंगी।
- अश्विनी पटेल
--
गाव का विकास होगा। आवश्यक कागजात के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मूलभूत सुविधाएं लोगों को आसानी से मिल जाएंगी। नगर पंचायत बनने की खुशी हम सभी को हो रही है।
- प्यारी देवी
--
अभी तक योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पाता था लेकिन अब नगर पंचायत बनने के बाद लोगों को योजनाओं की सटीक जानकारी मिल सकेगी और लाभ होगा।
- राजेश साहनी
--
विकास कार्य में प्रगति आएगी। झुग्गी झोपड़ी में निवास करने वाले लोगों को पक्का मकान बनने की उम्मीद बढ़ गई है। पानी, शिक्षा, बिजली आदि सुविधाओं का लाभ गांव में ही मिलेगा।
- श्याम सुंदर