ईरान-अमेरिका विवाद के बीच पेट्रोल कीमतों पर बोले पेट्रोलियम मंत्री - 'अन्य विकल्पाें पर सरकार की नजर'
पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सीएए पर लोगों का भ्रम दूर करने के लिए काशी में जनसम्पर्क करने पहुंचे केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेट्रो कीमतों पर भी बात की।
वाराणसी, जेएनएन। पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सीएए पर लोगों का भ्रम दूर करने के लिए काशी में जनसम्पर्क करने पहुंचे केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेट्रो कीमतों को लेकर भी बात की। कहा कि इरान और अमेरिका के बीच तनातनी का असर कीमतों पर पड़ा है मगर सरकार अन्य विकल्पों पर भी नजर बनाए हुए है। इससे पूर्व रविवार को वह लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पहुंचे और वहां से काशी विश्वनाथ स्थित बाबा दरबार में मत्था टेकने के बाद दर्शन पूजन भी किया।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए विपक्षी दलों को घेरते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियां देश का माहौल बिगाड़ना चाहती हैं। इससे पूर्व बाबा दरबार में छत्ताद्वार पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया इसके बाद श्रीकाशी विश्वनाथ मन्दिर पहुंचे और विधि-विधान से षोडशोपचार पूजन-अर्चन किया। दर्शन-पूजन करने के बाद उन्होंने विश्वनाथ कॉरिडोर का भी भ्रमण किया जिस पर साथ चल रहे लोगो से कॉरिडोर बाबत जानकारी ली। बाहर निकलते समय केंद्रीय मंत्री ने सीएए को लेकर कहा कि कुछ शरारती तत्व, विपक्षी पार्टियां जिनको प्रजातंत्र में करारी हार मिली है ऐसे तत्व देश में आरजकता चाहते है। जो प्रधानमंत्री के निर्णायक फैसले के खिलाफ होते हैं वह हमेशा विवाद चाहते हैं। देश में उतेजना, देश में तनाव बढ़े ये विपक्ष की योजना हमेशा से रही है। सीएए और कैब से भारत के किसी भी नागरिक को परेशान होने की कोई जरूरत ही नहीं है। जिसके लिए भाजपा आज से सीएए पर लोगों का भ्रम दूर करने के लिए घर-घर जाकर एक महीने तक जनसम्पर्क अभियान चलाएगी।
आज परमतीर्थ बनारस में सपरिवार काशी के महाराज बाबा विश्वनाथ के विराट व दुर्लभ रूप के दर्शन व पूजन का सौभाग्य मिला।
काशी के कण कण में देवाधिदेव महादेव बसे हैं, भारत के इस धार्मिक और सांस्कृतिक राजधानी में आकार मन शिवमय हो जाता है।
हर हर महादेव।। pic.twitter.com/aY2uLlkeab — Dharmendra Pradhan (@dpradhanbjp) January 5, 2020
वैश्विक गतिविधियों पर सरकार की नजर
ईरान और अमेरिका में युद्ध की बनती स्थिति के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड आयल के बढ़े दाम के सवाल के जवाब में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय कारणों से कच्चे तेल के दाम में उछाल आया है। इससे निजात पाने के लिए हमारे देश में निजी उत्पादन बढ़े, खाड़ी देशों के अलावा अन्य देशों से भी हम कच्चे तेलों को लाएं और ऊर्जा के अन्य विकल्प की ओर हम जाएं इस पर भी काम कर रहे हैं। कुछ चीजें लॉन्ग, मिड और शॉर्ट टर्म की होती हैं लेकिन आज चिंता बनी हुई है कि विश्व में तनाव ना बढ़े। आज के समय जब तेल उत्पादन इलाकों में तनाव पैदा होता है तो इसका सीधा सीधा प्रभाव भारत के बाजार पर भी पड़ता है। भारत की अपेक्षा रहेगी कि विश्व में तनाव न बढ़े और उत्तेजना ना हो इसमें विश्व और भारत दोनों का कल्याण है।
बनारस में आज नागरिकता संशोधन अधिनियम पर जनजागरण अभियान का शुभारंभ किया एवं बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष, एडवोकेट श्री राजेश मिश्रा के घर जाकर उन्हें #CAA के विषय में जानकारी दी साथ ही उनसे CAA पर हो रहे दुष्प्रचार के जनजागरण में समर्थन का भी आग्रह किया।#IndiaSupportsCAA pic.twitter.com/yuMrNDWEo4 — Dharmendra Pradhan (@dpradhanbjp) January 5, 2020
भारतीय खाड़ी में सुरक्षित
एक करोड़ भारतीयों के खाड़ी देशों में फंसे होने के सवाल के जवाब में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि इतना घबराने की जरूरत नहीं है सऊदी अरब, कुवैत और यूएई में शांति है। सरकार की नजर प्रकरण पर बनी हुई है।कहा कि ननकाना साहब पर हमले को लेकर सोनिया गांधी का यह कहना कि भारत को पाकिस्तान पर दबाव बनाना चाहिए पर पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि अब तक कहां चुप थे। पिछले 15 दिनों से जिस तरह का गैर जिम्मेदाराना रवैया उन्होंने अपनाया है इसका जवाब उनको देना चाहिए कि वह पाकिस्तान के साथ खड़े हैं कि भारत के साथ।