मऊ में लुटेरों की गोली से घायल हुए पेट्रोल पंप संचालक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
लुटेरों की गोली से घायल दोहरीघाट के पेट्रोल पंप संचालक उमेश गुप्ता (45) का बुधवार की रात उपचार के दौरान निधन हो गया उन्हें गोली मारकर बदमाशों ने लाखाें की नगदी लूट ली थी।
मऊ, जेएनएन। 4 अप्रैल को लुटेरों की गोली से घायल दोहरीघाट के पेट्रोल पंप संचालक उमेश गुप्ता (45) का बुधवार की रात उपचार के दौरान निधन हो गया। उन्हें गोली मारकर बदमाशों ने 18,90,000 रुपये लूट लिए थे। गोली लगने से लहूलुहान उमेश गुप्ता का इलाज जिला चिकित्सालय आजमगढ़ में चल रहा था। वहीं बुधवार की रात उन्होंने अंतिम सांस ली। मौत की खबर सुनते दोहरीघाट कस्बे में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
व्यापारियों ने शोक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिवकुमार जायसवाल के आह्वान पर बंद रखने का फैसला किया है। पुलिस पल-पल की खबर ले रही है। उक्त प्रकरण में पुलिस तीन लोगों को गिरफ्तार कर और लूट का पैसा बरामद चालान किया है तथा लूटकांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की भी तलाश कर रही है। अखिल भारतीय व्यापार मंडल ने व्यापारियों की सुरक्षा की डिमांड की है। उमेश गुप्ता की हत्या में शामिल मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने की मांग गई। पेट्रोल पंप मालिकों ने काराेबारियों को शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने घटना में बदमाशों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पोस्टमार्टम के बाद उमेश गुप्ता का शव दोपहर बाद दोहरीघाट पहुंचा तो शव को हाईवे पर रखकर व्यापारियों ने सड़क जाम कर दिया। सभी कर रहे मुखबिर व मास्टरमाइंड के गिरफ्तारी की मांग। इससे नेशनल हाइवे पर आवागमन बाधित हो गया। पुलिस प्रशासन जाम हटाने तथा लूट की हत्या में शामिल लोगों के गिरफ्तार करने की बात कह रहे हैं। फिर भी लोग मानने को तैयार नहीं हुए। जाम करने वालों का नेतृत्व व्यापार मंडल अध्यक्ष विनय जायसवाल कर रहे हैं, सड़क पर सैकड़ों व्यापारी जमा हैं। उधर पिता रामअवध गुप्ता, भाई गोरख गुप्ता, बहन पुष्पा व सोनी पुत्री सुम्मी व टिंकल का रोते-रोते बुरा हाल है। उमेश गुप्ता की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है, उनकी दो पुत्रियां हैं।