24 घंटे में 74 मालगाडिय़ों का परिचालन कर पीडीडीयू रेल मंडल बनाया कीर्तिमान,टूटा पूराना रिकार्ड
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने परिचालन में एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। 24 घंटे में मंडल से अप कंट्री दिशा में 74 मालगाडिय़ों ने फर्राटा भरी।
चंदौली, जेएनएन। वैश्विक महामारी कोरोना ने भले ही पैसेंजर ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया हो लेकिन मालगाडिय़ों के परिचालन को लेकर रेलवे सतर्क रही। इसी क्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने परिचालन में एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। 24 घंटे में मंडल से अप कंट्री दिशा में 74 मालगाडिय़ों ने फर्राटा भरी। मंडल से होकर 32 गाडिय़ां उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की ओर और 42 मालगाडिय़ां उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की ओर परिचालित की गईं। इस सफलता के बाद वर्ष 2019 में एक दिन में 72 मालगाडिय़ों के चलाने का बनाया अपना रिकार्ड मंडल ने ही तोड़ दिया है।
कोरोना संक्रमण काल में सभी सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया। मंडल रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना ने सफलता के लिए परिचालन विभाग का मनोबल बढ़ाया। जानलेवा बीमारी कोरोना ने जब पांव पसारना शुरू किया तो हर जगह खलमली मच गई। कई एतिहासिक निर्णय लिया गया। कल कारखाना, धार्मिक स्थल, विद्यालय सहित महत्वपूर्ण चीजों को बंद करा दिया गया। कभी न रूकने वाली ट्रेनों को भी कोरोना ने रोक दिया। हालांकि लोगों की सहायता के लिए मालगाडिय़ों का परिचालन जारी रखा गया ताकि लोगों तक दैनिक जीवन की आवश्यक चीजें पहुंच सके। इसकी कमान पीडीडीयू मंडल में डीआरएम पंकज सक्सेना ने खुद ही संभाली। मंडल से रोजाना मालगाडिय़ां सामानों को लेकर गुजरती है। कोरोना संक्रमण काल में भी अपने कार्यों से पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन में अपना दबदबा बनाने वाली पीडीडीयू मंडल ने मालगाडिय़ों के परिचालन में भी अपनी जगह बना ली है। तीन अप्रैल 2019 में बने अपने ही रिकार्ड को तोड़ते हुए एक दिन में 74 मालगाडिय़ों का परिचालन करने में सफलता हासिल की है।
कोल लोडिंग को बढ़ावा, इंटरचेंज व्यवस्था में बदलाव
24 घंटे में 74 मालगाडिय़ों के परिचालन को लेकर जो नया कीर्तिमान पीडीडीयू रेल मंडन ने स्थापित किया है। इसके पीछे वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक सुधांशु रंजन की कड़ी मेहनत है। उन्होंने उत्तर रेलवे व उत्तर मध्य रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर इंटरचेंज में लगने वाले समय को भी आधा कर दिया है। इंटरचेंज को लेकर पहले दो-दो घंटे लग जाया करते थे लेकिन अब महज एक घंटे लगते हैं। हालांकि कोरोना संक्रमण काल में मालगाडिय़ों को प्लेटफार्म भी मिलने लगा है। मंडल परिचालन प्रबंधक रेहान रिजवी ने बताया कि मालगाडिय़ों के परिचालन के समय सुरक्षा मानकों का भी ध्यान रखा गया है। गति में तेजी लाई गई है। पहले जहां मालगाडिय़ां 30 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलती थीं वहीं अब 50 से 60 किमी की रफ्तार से फर्राटा भर रही हैं।