ओवरटेक को लेकर खूनी संघर्ष, दो वर्ग में तनाव के बाद कई थानों की फोर्स व पीएसी तैनात
खेतासराय में दो वर्गों के बीच शनिवार की देर रात ओवरटेक को लेकर हुए खूनी संघर्ष के बाद वार्ड में कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गयी।
जौनपुर, जेएनएन। खेतासराय में दो वर्गों के बीच शनिवार की देर रात ओवरटेक को लेकर हुए खूनी संघर्ष के बाद वार्ड में कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गयी। सुरक्षा कारणों से पीएसी ने भी मोर्चा संभाल लिया है ऐसे में अब स्थिति सामान्य हो सकी है। नगर के डोभी वार्ड में शनिवार को राजेश यादव की पुत्री की शादी थी जहां आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के डारीडीहां ग्राम से बारात आयी थी। देर रात्रि लोग डीजे की धुन पर थिरकते हुए सड़क से होकर द्वारचार के लिए आगे बढ़ रहे थे कि इसी बीच इसी वार्ड का निवासी एक वर्ग विशेष का युवक बुलेट पर दो अन्य को बैठाकर बीच से निकलना चाहा तो विवाद हो गया।
दूसरे रास्ते से जाकर अपने वर्ग के दर्जनों लोगों को हाकी व रॉड लेकर वर व कन्या पक्ष के लोगों को दौड़ा दौड़ाकर मारना शुरू कर दिया। ऐसे में भगदड़ सी मच गई, झल्लाये अराजक तत्वों ने कई बोलरो व रथ को भी बुरी तरह तोड़ दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व बारातियों समेत लड़की के घर में ईंट पत्थर से लोग मारना शुरू कर दिए। एक बार तो असामान्य स्थिति देख थानाध्यक्ष समेत पुलिस भी भाग खड़ी हुई। दुबारा कई थानों की फोर्स के साथ उपजिलाधिकारी शाहगंज व सीओ शाहगंज ने भी पहुंच कर हालात को देखा। लगभग डेढ़ बजे मौके पर जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने पीड़ितों का हाल जाना और कड़ी कार्यवाई का आश्वाशन दिया।
सोलह ज्ञात व अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज : इस घटना में जहां अराजक तत्वों ने एक दर्जन लोगों को मारकर घायल कर दिया वहीं दो विनोद यादव (28) निवासी डारीडीहां (लड़के का भाई) व डोभी निवासी राधेश्याम सोनकर (32) का गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। जबकि अन्य घायलों में डोभी वार्ड निवासी हरीराम, रामजीत, गजराज, वीरेंद्र, सुनीता (लड़की की मां), फिरता देवी, विशाल, सर्वेश के अलावा ठकठौलिया निवासी सावित्री, सोंधी ग्राम निवासी रतन यादव शामिल है जिनका उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी में उपचार के बाद छोड़ दिया गया। इस मामले में लड़की के पिता राजेश यादव की तहरीर पर 16 नामजद व अज्ञात पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं पुलिस ने एक मो.सलमान को गिरफ्तार किया है जबकि दस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सिन्दूरदान कर ले गए कन्या को : अफरा तफरी की स्थिति में वर पक्ष ने केवल कन्या का जल्दी में सिन्दूरदान कराया और रात्रि में ही उसे लेकर चले गये। ऐसे में न तो द्वार चार हुआ न ही विवाह की रस्म पूरी हुई। घर वालों का ख्वाब अधूरा रह गया इसे अराजक तत्वों ने बीच में ही चकनाचूर कर दिया।