पीएम आज, कल और परसों जानेंगे अपनी काशी का हाल, देंगे जीत का मूल मंत्र
भाजपा पदाधिकारियों के लिए सोमवार, मंगलवार व बुधवार पीएम संग परिचर्चा के लिए रिजर्व होगा।
जासं, वाराणसी : भाजपा पदाधिकारियों के लिए सोमवार, मंगलवार व बुधवार का दिन किसी सपने से कम नहीं होगा। संभवत: ऐसा पहली बार होगा जब पीएम मोदी देश के मुखिया के तौर पर नहीं बल्कि सांसद के तौर पर पार्टी पदाधिकारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों व पुराने सिपहसालारों से संवाद करेंगे। इसके लिए किसी को कहीं जाना भी नहीं होगा बल्कि सभी से पार्टी कार्यालय में ही संवाद करेंगे। इसके लिए पार्टी पदाधिकारी उत्साहित है। उन्हें भरोसा है कि पीएम द्वारा तीन दिन में मिलने वाले मूलमंत्र को चुनावी मैदान में संजीवनी के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को मोदी एप के माध्यम से जिला और महानगर के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के साथ नीचीबाग स्थित महानगर कार्यालय में सुबह 9.15 बजे से संवाद करेंगे। 28 अगस्त को प्रधानमंत्री जिला और वाराणसी महानगर की मंडल पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बात करेंगे। 29 अगस्त को विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प, विभाग के पदाधिकारियों और सोशल मीडिया वालंटियर्स और पार्टी समर्थकों के साथ वार्तालाप करेंगे। सूत्रों का कहना है कि पीएम कार्यकर्ताओं से बनारस में भाजपा सरकार आने के बाद से अब तक हुए विकास कार्य संग भविष्य की योजनाओं की जानकारी लेंगे। माना जा रहा है कि पीएम लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने को भी कहेंगे। इसके लिए रणनीति के तहत काम होगा। इसमें पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां भी सौंपेंगे।
यह खुशी की बात है कि पीएम मोदी पार्टी पदाधिकारियों से तीन दिन रूबरू होंगे। हम सभी के लिए गर्व की बात है कि हर पदाधिकारी पीएम से अपनी बात रख पाएगा। -नवरतन राठी, मीडिया प्रभारी, काशी क्षेत्र, भाजपा। केरल की समस्या पर चर्चा : पीएम के मन की बात की 47वीं कड़ी रविवार को आयोजित हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने केरल की आपदा पर चर्चा की तो अटल जी को पुन: भावभीनी श्रद्धाजलि दी। मिंट हाउस के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेडियो पर पीएम के मन की बात सुनी। खेल में महिलाओं की भागीदारी को देश के लिए सुखद बताया। इस दौरान काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, डा. मन्नू यादव, दीपक गोंड, एसके सिंह, महेंद्र यादव, विवेक सोनू, नागेश्वर सिंह महादेव, ज्ञानेंद्र, अनुराग राय, सौरभ आदि मौजूद थे।