वाराणसी में भारी बारिश के बाद जर्जर हो चुका मकान गिरने से एक की मौत और दो घायल
रोहनिया थाना क्षेत्र के मिसिरपुर गांव में शनिवार की रात जर्जर मकान गिरने से 55 वर्षीय मुन्नालाल गुप्ता की मौत हो गयी जबकी पत्नी सहित दो लोग घायल हो गए।
वाराणसी, जेएनएन। रोहनिया थाना क्षेत्र के मिसिरपुर गांव में शनिवार की रात जर्जर मकान गिरने से 55 वर्षीय मुन्नालाल गुप्ता की मौत हो गयी जबकी पत्नी सहित दो लोग घायल हो गए। आसपास और परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया।
मिसिरपुर गांव के रहने वाले मुन्ना लाल गुप्ता फेरी का काम करते हैं और पत्नी राजकुमारी ठेला पर घूमकर सब्जी बेचती है। बीतीरात साढ़े सात बजे गाय दुहने के लिए गांव के असाडू यादव आये और गाय दूह रहे रहे थे। वहीं मुन्नालाल गाय के बच्चे को पकड़कर खड़े थे। दूसरी ओर पत्नी राजकुमारी खाना बना रही थी इसी समय अचानक मकान का छत भरभराकर गिर गया जिसमें मुन्नालाल दब गए और असाडू को भी गंभीर चोटें आयी जबकि राजकुमारी को हल्की चोटें आई। आनन फानन में मुन्ना लाल और असाडू को लेकर पड़ोसी रोहनिया क्षेत्र के निजी अस्पताल गए जहां से जवाब मिलने पर ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे कि रास्ते में ही मुन्ना लाल की मौत हो गयी। जिसके बाद लोगों ने अंतिम संस्कार कर दिया। गंभीर रूप से घायल असाडू यादव का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। मृतक मुन्ना लाल के दो बेटे अजय और विजय हैं जबकि बड़ी बेटी की शादी कर दिए थे। घटना के बारे में शनिवार को रोहनिया पुलिस को सूचना मिली तो एसआई सतेंद्र कुमार सिंह पहुंचकर घटना की जानकारी लिए। रोहनिया थाना प्रभारी परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि मकान जर्जर होने के कारण गिर गया जबकि मृतक का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
राजकुमारी के ऊपर गिरा दुःखों का पहाड़
घटना के बाद राजकुमारी के घर पर मातम छाया है। एक कमरा और बरामद जो जर्जर हाल में था वह गिरा तो दुःखों का पहाड़ ही गिर पड़ा। पति मुन्नालाल की मौत ही नहीं राजकुमारी की आजीविका का साधन सब्जी बेचने वाला ठेला भी दब कर चकनाचूर हो गया। पति मजदूरी करते थे लेकिन लॉकडाउन में घर बैठ गए तो राजकुमारी का ठेला ही घर के खर्चे चला रहा था।