दिवाली पर बॉलीवुड सहित डिजाइनर परिधानों का चलन, रेडीमेड के साथ ही खुद की पसंद से डिजाइन करवाए कपड़ों का बढ़ा क्रेज
इस बार दिवाली पर बाजार में अलग स्टाइल व रंगों में महिलाएं व पुरुषों के लिए परिधान छाए हुए हैं। उधर फैशन डिजाइनर्स से भी कपड़ों को डिजाइन करवाने का चलन तेजी से बढ़ा है।
वाराणसी, जेएनएन। इस बार दिवाली पर बाजार में अलग स्टाइल व रंगों में महिलाएं व पुरुषों के लिए परिधान छाए हुए हैं। उधर फैशन डिजाइनर्स से भी कपड़ों को डिजाइन करवाने का चलन तेजी से बढ़ा है। बॉलीवुड कलाकारों जैसे लिबास का चलन इधर तेजी से बढ़ा है। अब लोग रेडीमेड के साथ ही खुद की पसंद अनुसार कपड़े डिजाइन करवा रहे हैं।
बालीवुड टच वाले परिधान
फैशन डिजाइनर स्मृति अवस्थी बताती हैं अब लोग अपनी पसंद से कपड़े डिजाइन करवा रहे हैं। ऐसे में बालीवुड का टच साफ नजर आ रहा है। वहीं इस बार दिवाली पर गहरे रंग जैसे वाइन रेड, ब्राउन, मस्टर्ड येलो, बॉटल ग्रीन, रॉयल ब्लू, नेवी ब्लू, फ्यूशिया, पिंक चलन में है। ये सभी कलर क्लासिक व रॉयल अंदाज देते हैं। साथ ही कभी आउटडेटेड नहीं होने वाले। चूंकि दिवाली से जाड़े की शुरुआत हो जाती है तो ऐसे कपड़े व कलर लोग ले रहे हैं जो जाड़े की शादी में भी जंचे। गोल्डेन, सिल्वर, कापर कलर ऐसे ही कलर हैं। दीपावली पर चमकीले और भड़कीले परिधान ज्यादा पंसद किए जाते हैं। इस बार ब्रोकेड व बनारसी फैब्रिक ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। डिजाइनर्स के मुताबिक सिल्क के कई तरह की फैब्रिक को मिक्स मैच कर आउटफिट तैयार किए जा रहे हैं इसमें महिलाओं व पुरुषों दोनों के लिबास शामिल हैं।
महिलाओं के परिधान में ढेरों प्रयोग
महिलाएं अपने परिधान को लेकर थेाड़ी प्रयोगी हो गई हैं। इस बार दिवाली पर इसीलिए परंपरागत से हटकर कपड़ों की स्टाइलिंग बदल गई है। साड़ी के साथ क्रॉप टॉप, साड़ी के साथ स्कर्ट व क्रॉप टॉप, साड़ी के साथ क्रॉप टॉप व पैंट का कांबिनेशन बाजारों में छाया हुआ है।
कांबिनेशन एक से बढ़कर एक
वहीं लांग कुर्ती के साथ शरारा व गरारा, प्लेन अनारकली के साथ नेट, बनारसी, बंधेज या गिल्टर का दुपट्टा पहना जा रहा है। वहीं हैवी ब्रोकेड पैंट, प्लाजो या पटियाला सलवार के साथ प्लेन कुर्ते का कांबिनेशन हिट जा रहा है। वहीं कुर्ती के साथ घेरवाला प्लाजो या पैंट, गाउन के साथ जैकेट का चलन भी जोरों पर है।
पुरुषों के परिधान भी हैं खास
वैसे दीपावली ऐसा पर्व है जिसमें महिलाओं के साथ ही पुरुष भी हैवी वर्क वाले कपड़े पहनते हैं। इस बार पुरुषों के कपड़ों में सिल्क का प्लेन कुर्ता के साथ प्रिंटेड कुर्ता, ब्रासो सिल्क वीविंग कुर्ता व रॉ सिल्क कुर्ते के साथ धोती, ऐंकल लेंथ पैंट या अलीगढ़ी पैजामा ट्रेंड में है।