संत रविदास जयंती पर्व के मौके पर सीर गोवर्धनपुर बना मिनी पंजाब, अटूट लंगर में छका गुरु का प्रसाद
सीरगोवर्धनपुर में शुक्रवार की सुबह सन्त रविदास जयंती के अवसर पर जालंधर के डेरा सच्चा बल्लखंड के महंत और रैदासियों के शीर्ष गुरु निरंजन दास महाराज ने लंगर स्थल का निरीक्षण किया। लंगर स्थन का निरीक्षण करने के साथ ही उन्होंने परिसर और चल रही तैयारियों का भी जायजा लिया।
वाराणसी, जेएनएन। सीर गोवर्धन में शुक्रवार की सुबह सन्त रविदास जयंती के अवसर पर जालंधर के डेरा सच्चा बल्लखंड (बल्लां) के महंत और रैदासियों के शीर्ष गुरु निरंजन दास महाराज ने लंगर स्थल का निरीक्षण किया। लंगर स्थन का निरीक्षण करने के साथ ही उन्होंने परिसर और चल रही तैयारियों का भी जायजा लिया। सुबह गुरु संत निरंजन दास का आशीर्वाद लेने के लिए रैदासियों ने अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए गुरु के चरणों में हाजिरी लगाई और आशीष प्राप्त किया।
वीआइपी और वीवीआइपी के आगमन को देखते हुए व्यवस्था की तैयारियों के लिए शुक्रवार की सुबह एडीएम सिटी और एसपी सिटी भी पहुंचे और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। मंदिर परिसर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्र्रा, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सपा मुखिया अखिलेश यादव, भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर सहित दर्जनों प्रमुख लोग हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं।
सुबह से ही गुरु की संगत गुरबानी, सबद और कीर्तन से रागी जत्थों से निहाल रही। मंदिर परिसर में अनवरत लंगर का अटूट क्रम शुक्रवार को भी बरकरार रहा तो सेवादारों ने आयोजन का जिम्मा संभालकर आने वाले आस्थावानों का मार्गदर्शन किया। सुबह से ही सीर क्षेत्र मिनी पंजाब बना नजर आया तो रैदासियों ने मेले में खूब खरीदारी कर पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। मेले में गुरु की तस्वीर और सीर क्षेत्र से जुड़ी प्रतीकों की भी खूब खरीदारी की गई।