Lockdown के दौरान भी अव्यवस्था बरकरार, कूड़ा उठान का वाराणसी नगर निगम का दावा हवा-हवाई
वाराणसी में अव्यवस्था बरकरार कूड़ा उठान का वाराणसी नगर निगम का दावा हवा-हवाई।
वाराणसी, जेएनएन। लॉकडाउन में नगर को साफ रखने के लिए नगर आयुक्त गौरांग राठी लगतार मातहतों को निर्देश दे रहे हैं। इसकी निगरानी भी वे स्वयं करते हैं। इसके बावजूद शहर की गलियों के साथ सड़कों पर भी कूड़ा बिखरा है। स्थिति यह है कि जहां कई स्थानों पर कूड़े का ढेर है वहीं नगर निगम के अधिकारियों के नियमित चक्रमण के दौरान सब कुछ ठीक दिखता है।
कमच्छा, नरिया, शंकुलधारा, खोजवा, सरायनंदन, शिवपुरवा, रानीपुर, पांडेयपुर, सिकरौल, नदेसर, खजुरी सहित कई स्थानों पर कूड़े का ढेर लगा है। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारियों को शहर में कहीं गंदगी नहीं दिखाई दे रही है। पक्के महाल में भी कई स्थानों पर कूड़े का ढेर लगा है। हालांकि मुख्य सड़कों पर दुकानों के नहीं खुलने से गंदगी और दुकानों से निकलने वाले कूड़ा नहीं होने से सड़कें साफ है।
कूड़ा पर अधिकारियों में एक मत नहीं
अपर नगर आयुक्त देवी दयाल वर्मा का मानना है कि लॉकडाउन में कूड़ा आधा हुआ है। जहां सामान्य दिनों में लगभग छ: सौ टन कूड़ा होता है अब यह घटकर आधा हो गया है, जबकि प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामसकल यादव यादव का कहना है कि कूड़ा में मामूली गिरावट आई है। उनके मुताबिक अभी भी चार सौ टन से अधिक कूड़े का उठान प्रतिदिन हो रहा है। एक सप्ताह पूर्व कूड़े ढोने वाली गाडिय़ों में परिवहन निरीक्षक द्वारा तेल की कटौती के लेकर चालकों ने हंगामा किया था।