बनारस में होंगी फुटबॉल और हॉकी की अखिल भारतीय खेल प्रतियोगिताएं, रूपरेखा तैयार
उत्तर प्रदेश के खेल विभाग के तत्वावधान में अखिल भारतीय फुटबॉल और हॉकी प्रतियोगिता बनारस में दिसंबर-जनवरी में खेल को बढावा देने के क्रम में आयोजित होगी।
वाराणसी (जेएनएन) । उत्तर प्रदेश के खेल विभाग के तत्वावधान में अखिल भारतीय फुटबॉल और हॉकी प्रतियोगिता बनारस में दिसंबर और जनवरी में आयोजित होगी। इस बात की जानकारी प्रदेश के संयुक्त निदेशक खेल अनिल बनौधा ने शुक्रवार को दी।
उन्होंने बताया कि 14 से 22 दिसंबर तक सिगरा स्टेडियम में अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें देश की आठ नामीगिरामी टीमें हिस्सा लेंगी। जबकि जनवरी में 24 से 31 जनवरी तक पद्मश्री मुहम्मद शाहिद की स्मृति में अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता प्रस्तावित है। दोनों ही प्रतियोगिता में विजेता टीम को दो लाख और उपविजेता टीम को एक लाख रुपये पुरस्कार स्वरूप दिया जाएगा। तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 50 हजार रुपये मिलेंगे। स्टेडियम निरीक्षण करने के बाद उन्होंने मुख्य मैदान की स्थिति पर चिंता जताई। प्रतियोगिता से पहले मैदान को अपडेट करने का आदेश दिया।
चयन परीक्षण की सूचना नोटिस बोर्ड पर होनी चाहिए चस्पा
क्षेत्रीय खेल कार्यालय और खेल संघों के समन्वय से टीमों का चयन होता है। ऐसे में सभी खेलों संघों को चयन परीक्षण की सूचना सिगरा स्टेडियम के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा करना चाहिए। ट्रायल में जितने अधिक खिलाड़ी आएंगे उतनी अच्छी टीम बनेगी। -दिव्या वर्मा, प्रभारी आरएसओ।