Murder in Sonbhadra : सोनभद्र में सपा कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, निजी वाहन से मिला शव
उरमौरा स्थित ढाबे के समीप सपा कार्यकर्ता रामभुवन यादव (42) की सोमवार आधी रात के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव उसी के स्कार्पियो वाहन से पुलिस ने बरामद किया है। शव को तीन बजे भोर में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सोनभद्र, जेएनएन। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के उरमौरा स्थित ढाबे के समीप सपा कार्यकर्ता रामभुवन यादव (42) की सोमवार आधी रात के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव उसी के स्कार्पियो वाहन से पुलिस ने बरामद किया है। शव को तीन बजे भोर में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पहले तो पुलिस को मौत का राज नहीं पता चला लेकिन मंगलवार की सुबह पंचनामे की कार्रवाई के दौरान गोली लगने का खुलासा होने के बाद हड़कंप मच गया।
रामभुवन यादव सुकृत स्थित एक क्रशर प्लांट में काम करते थे। वह राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रौप गांव में किराए के मकान में रहते थे। बताया गया कि वह मूल निवासी आजमगढ़ के थे। उसपर राबर्ट्सगंज कोतवाली में हत्या के प्रयास का एक मामला भी दर्ज है। न्यायालय से जमानट पर छूटे थे। सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव का कहना है कि वे पार्टी में किसी पद पर नहीं थे। आजमगढ़ सांसद रमाकांत यादव के करीबी थे और सोनभद्र में सांंसद का कार्य देखते थे। पार्टी का हमेशा सहयोग मिलता रहा है।