Mukhtar Ansari गिरोह का 1.69 करोड़ के वाहन सीज, मऊ में वसूली माफिया के विरुद्ध प्रशासन ने खोला मोर्चा
मुख्तार अंसारी गिरोह के वसूली गैंग की कमान थामने वाले तथा वसूली माफिया सुरेश सिंह के 1.69 करोड़ की धनराशि वाले 10 वाहनों को मऊ ने पुलिस ने सोमवार को जब्त कर लिया।
मऊ, जेएनएन। योगी सरकार द्वारा अपराधियों के विरुद्ध छेड़े गए अभियान के तहत प्रदेश में मुख्तार अंसारी गिरोह पुलिस प्रशासन के निशाने पर है। प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में धड़ाधड़ कार्रवाई हो रही है। जनपद में मछली व्यापार पर कड़ी कार्रवाई करने के बाद पुलिस प्रशासन के निशाने पर वसूली गैंग है। जनपद में मुख्तार अंसारी गिरोह के वसूली गैंग की कमान थामने वाले तथा वसूली माफिया सुरेश सिंह के 1.69 करोड़ की धनराशि वाले 10 वाहनों को पुलिस ने सोमवार को जब्त कर लिया। पुलिस प्रशासन ने तीन दिन की कार्रवाई में लगभग 3.60 करोड़ की लागत के कुल 23 वाहनों को सीज किया है। धड़ाधड़ हो रही कार्रवाई से मुख्तार गिरोह सहित आपराधिक गिरोहों में खलबली मची हुई है।
संगठित अपराध व अपराधियों के विरुद्ध पुलिस-प्रशासन ने मुहिम छेड़ रखी है। अभियान के तहत सोमवार को मुख्तार असांरी अवैध वसूली गैंग के सहयोगी व चिह्नित वसूली माफिया सुरेश सिंह निवासी भीटी थाना कोतवाली की अपराध व अवैध रूप से अर्जित धन से बनाई गई संपत्ति 01 करोड़ 69 लाख 65 हजार रुपये के कुल 10 वाहनों को पुलिस द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त किया गया। इसके पूर्व एक सितंबर को सुरेश सिंह की 86 लाख रुपये की कुल 04 बसों व 03 सितंबर को 01 करोड़ 05 लाख 40 हजार रुपये के कीमत के 09 वाहनों को जब्त किया गया था। सुरेश ङ्क्षसह मुख्तार अंसारी गिरोह के वसूली गैंग डी-34 का सदस्य है तथा जनपद में वसूली माफिया के रूप में चिह्नित है। इसके विरुद्ध थाना सरायलखंसी पुलिस द्वारा 31 मई 2020 को गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर चालान किया था। वर्तमान में वसूली माफिया जेल में है।
ठेकेदार व सफेदपोश निशाने पर
बीते लगभग डेढ़ दशक से विधायक मुख्तार अंसारी का जनपद सहित अगल-बगल के जनपदों में सिक्का चलता है। इन जनपदों में लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत, आरइएस सहित अन्य ठेकों में गिरोह के गुर्गों की खूब चलती है। अब जब शासन ने गिरोह को निशाने पर लिया है तो मुख्तार गिरोह के सभी सिंडिकेट खंगाले जा रहे हैं। इसमें पुलिस ने कई ठेकेदारों सहित सफेदपोशों को भी चिह्नित किया है। जल्द ही कार्रवाई हो सकती है।
समाज में भय पैदा करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा
समाज में भय पैदा करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जिनके भी तार अपराध व अपराधियों से जुड़े होंगे कार्रवाई होगी। मुख्तार अंसारी गिरोह के वसूली गैंग माफिया के लगभग दो दर्जन वाहनों को जब्त किया गया है। आगे भी कार्रवाई चलती रहेगी।
- मनोज कुमार सोनकर, पुलिस अधीक्षक, मऊ।