हड़ताल समाप्त कराने के लिए बलिया के बैरिया तहसीलकर्मियों के बीच पहुंचे सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त
किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने संवाद कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के जनता-जनार्दन हड़ताली बैरिया तहसील कर्मियों व अधिकारियों से से बातचीत की।
बलिया, जेएनएन। बैरिया तहसील में हुए बवाल के बाद तहसीलकर्मियों की चौथे दिन सोमवार को भी अपना हड़ताल जारी रखा। इस कारण हो रही जन असुविधाओं तो समाप्त कराने को धरनारत तहसीलकर्मी व अधिकारियों से किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने संवाद कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के जनता-जनार्दन, हड़ताली कर्मचारियों व तहसील के अधिकारियों से बातचीत की। आग्रह किया कि जनहित में आप लोगों के हड़ताल को समाप्त करें। इसके लिए मुझे क्या करना होगा नि:संकोच बताएं। आप भी हमारे हैं, जनता भी हमारी है और विधायक सुरेंद्र सिंह भी यहां के चुने हुए सम्मानित प्रतिनिधि हैं।
कर्मचारियों ने असुरक्षा व दबाव सहित कई समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा, कहा कि जो वातावरण अभी है, उसमें काम करना संभव नहीं है। सांसद ने आश्वस्त किया कि आप लोग जन समस्याओं के समाधान के प्रति तत्परता दिखाइए। यहां की जनता-जनार्दन भी आपके सुरक्षा के लिए आगे आ जाएगी। उन्होंने उपजिलाधिकारी से भी कहा कि कम से कम दो महीने त्वरित गति से निष्पक्षतापूर्वक कार्य करें। मैं इस तहसील को सभी संभव सुविधा उपलब्ध कराऊंगा। वहीं उपजिलाधिकारी अशोक चौधरी ने इस तहसील को माडल तहसील बनवाने का संकल्प दुहराया। धरना पर बैठे कर्मियों ने कहा कि हम लोगों के हड़ताल के संदर्भ में हमारा संगठन निर्णय लेगा। इस पर सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि आप लोग अपने संघ में बात कर लें।
बुधवार को मैं फिर आऊंगा
कहा कि पुन: बुधवार को मैं फिर आऊंगा। आप लोग माइंड मेकअप कर लीजिए, जनहित को दृष्टिगत रखते हुए हड़ताल समाप्त करना आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि मैं विधायक सुरेंद्र सिंह से भी वार्ता करूंगा, वह हमारे सम्मानित जनप्रतिनिधि है। मैं आप लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि कहीं कोई असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, अमिताभ उपाध्याय, पूर्व ब्लाक प्रमुख कन्हैया सिंह, शिवकुमार वर्मा मंटन, अश्वनी ओझा, रामप्रकाश सिंह, श्याम सुंदर उपाध्याय, राजेश सिंह, प्रशांत उपाध्याय सहित दर्जनों भाजपा नेता मौजूद थे। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने बताया कि यह मेरा संवाद कार्यक्रम है, यह पटरी से उतरी व्यवस्थाओं को ठीक करने के लिए लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर तहसीलकर्मियों ने अपनी छह सूत्रीय मांग से संबंधित ज्ञापन सांसद को सौंपा।