नाबालिग संग सामूहिक दुष्कर्म, शादी के बाद ससुराल में आरोपितों ने भेज दिया दुष्कर्म का वीडियो
बर्बरता की सारी सीमाएं लांघकर सामूहिक दुराचार करने वाले छह युवाओं ने घटना का वीडियो वायरल कर लोकलाज के भय से शांत बैठी पीड़िता को सामने आने पर विवश कर दिया।
मऊ, जेएनएन। घोसी कोतवाली अंतर्गत नदवासराय क्षेत्र के एक गांव में फरवरी माह में बर्बरता की सारी सीमाएं लांघकर सामूहिक दुराचार करने वाले छह युवाओं ने घटना का वीडियो वायरल कर लोकलाज के भय से शांत बैठी पीड़िता को सामने आने पर विवश कर दिया। पुलिस ने कप्तान के संज्ञान में मामले को डालने के बाद गोपनीय बनाए रखा और उनके निर्देशानुसार जाल बिछाकर सभी आरोपितों को मंगलवार को एक साथ गिरफ्तार कर लिया।
नदवासराय से फतेहपुर ताल नरजा को जाने वाले मार्ग पर स्थित एक गांव की नाबालिग फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में अकेले सिवान में घास कटने गई। उसके गांव के ही पृथ्वी, पवन, यशवंत, अजय, अजीत, विमल कल्लू एवं जितेंद्र ने दबोच लिया। बारी-बारी से सभी ने उससे दुष्कर्म किया एवं समूची घटना की वीडियो बना लिया। पीड़िता एवं उसके परिजनों ने लाेकलाज के चलते घटना को दबा दिया। घटना के चंद माह बाद ही किशोरी का विवाह कर दिया। किशोरी के ससुराल जाने के बाद आरोपितों ने घटना की वीडियो वायरल कर दिया। यह वीडियो उसकी ससुराल तक पहुंच गया। ससुराल पक्ष ने उसे मायके भेज दिया।
पीड़िता एवं उसके परिजनों ने मामला सार्वजनिक होने के बाद मुंह खोला। कोतवाल नीरज पाठक के समक्ष पीड़िता एवं उसके परिजन फफक कर रो पड़े। कोतवाल श्री पाठक ने समूचे प्रकरण से एसपी अनुराग आर्य को अवगत कराया। एसपी के निर्देशन में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ऐसा जाल बुना कि आरोपित कहीं फरार होने के लिए पुलिस के मुखबिर संग ही मंगलवार की दोपहर एक साथ घोसी आ गए। यहां पर कोतवाल नीरज पाठक ने दोपहर लगभग डेढ़ बजे हेड कांस्टेबल अरविंद नाथ शर्मा, सिपाही मुहम्मद शकील, विनय कुमार एवं होमगार्ड पीसी धनंजय यादव के सहयोग से सभी को गिरफ्तार कर अदालत भेज दिया। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण हेतु भेजा गया है।