Mission Shakti : वाराणसी में तीन माह में 6070 मनचलों पर कार्रवाई, 152 गिरफ्तार
महिलाओं बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। एसपी यातायात नोडल अधिकारी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति व एंटी रोमियो अभियान में हर महीने अलग-अलग थीम के साथ कार्यक्रम आयोजित कर जागरूक किया जा रहा है।
वाराणसी, जेएनएन। महिलाओं, बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके तहत एंटी रोमियो स्क्वाएड टीम द्वारा पिछले तीन माह में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 8228 स्कूल व कालेजों के आस-पास 6070 मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की गई व 152 को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 34574 को सख्त हिदायत दी गई। सार्वजनिक स्थान पर अश्लील टिप्पणी करने पर नौ शोहदों पर अश्लील हरकत करने के आरोप में कार्रवाई की गई। पुलिस ने 3,28,954 व एंटी रोमियों टीम ने 86,852 महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया। 9485 स्थानों पर 65116 पम्पलेट वितरित किए।
एसपी यातायात नोडल अधिकारी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति व एंटी रोमियो अभियान में हर महीने अलग-अलग थीम के साथ कार्यक्रम आयोजित कर जागरूक किया जा रहा है। आधी आबादी के विधिक अधिकारों व आत्मरक्षा के लिए 37 कालेज व स्कूल में बालिकाओं व महिलाओं को जागरूक किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र, छात्राओं व अध्यापिकाओं को सुरक्षित परिवेश की अनुभूति कराना है। साथ ही अध्ययन स्थल व कार्यस्थल पर शारीरिक, मानसिक एवं यौन उत्पीडऩ से संरक्षण विषयक विधिक प्रावधानों की जानकारी उपलब्ध कराना है। विपरीत परिस्थितियों में स्वयं को सक्षम बनाने के लिए आत्मरक्षा की तकनीक एवं सिद्धांतों का प्रशिक्षण देना और शैक्षणिक संस्थाओं में सुरक्षा मापदंडों का मूल्यांकन, समीक्षा करके अध्ययनरत छात्र, छात्राओं को सुरक्षित एवं संवदेनशील बनाना है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई
इस अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं के विरुद्ध हुए अपराध की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाएगी। दुष्कर्म के मामलों की सुनवाई प्राथमिकता से की जाएगी। अपराध साबित हो जाने के बाद आरोपित की फोटो चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर लगाई जाएगी जिससे पता चल सके कि अपराधी कौन है। अन्य लोग भी इससे सबक लेकर ऐसा काम करने के बारे में सोचे भी नहीं।