सोनभद्र में शादी समारोह से लौट रहे अधेड़ की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका
मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के पुत्र ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से जमीन में पाइप बिछाने को लेकर विवाद चल रहा था।
सोनभद्र, जागरण संवाददाता। करमा थाना क्षेत्र के बिसहार जंगल के पास सोमवार की रात बदमाशों ने शादी समारोह से लौट रहे अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना स्थल सोनभद्र- मीरजापुर का बार्डर भी है। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के पुत्र ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से जमीन में पाइप बिछाने को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। इस बाबत जानकारी होने के बाद पुलिस ने विधिक जांच भी शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के मगरदहां निवासी रामाश्रय मौर्य (50) एक शादी समारोह में शामिल होने सरंगा गांव गए थे। देर रात वह घर लौट रहे थे। बिसहार जंगल के पास सुनसान स्थान पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। रात में गोली चलने की आवाज सुनकर लोग उस ओर पहुंचे। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पिता के साथ बाइक पर पीछे बैठे उनके पुत्रों की शोर शराबा मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। मृतक के पुत्र संतोष मौर्या ने बताया कि जमीन को लेकर मेरे पिता का एक व्यक्ति से विवाद था। करीब एक सप्ताह पहले दोनों पक्षों में नोकझोंक भी हुई थी। उन्होंने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। एसएचओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की विभिन्न पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। मृतक के पुत्र संतोष मौर्या की तहरीर पर तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।