पांच डिग्री सेल्सियश से नीचे जा सकता है पारा
जागरण संवाददाता वाराणसी बनारस में अगले चार दिन ठंड के लिहाज से भारी पड़ने वाले हो
जागरण संवाददाता, वाराणसी : बनारस में अगले चार दिन ठंड के लिहाज से भारी पड़ने वाले हो सकते हैं। मुरादाबाद में जब से तापमान साढ़े तीन डिग्री और सोनभद्र में 0.4 डिग्री सेल्सियस तक गया है, उसके बाद से मौसम के करवट लेने की आशंका बढ़ गई है। आकलन है कि पश्चिम से खराब मौसम का कहर शुरू हो रहा है। तापमान छह से सात डिग्री तक नीचे गिर सकता है। जितनी ठिठुरन अभी है यह बढ़कर दोगुनी-तिगुनी तक हो सकती है।
इस बीच, रविवार को ठंड में मामूली कमी दर्ज की गई। सुबह घने कोहरे में दृश्यता 50 मीटर पर चली गई। अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता 97 फीसद पर रही। इस दौरान सुबह के समय हवा छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बही, जो कि शाम तक स्थिर हो गई।
28 जनवरी के पहले तापमान पांच डिग्री से नीचे : बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार आने वाले तीन-चार दिन ठंड अधिक रहने वाली है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान के चार-पांच डिग्री नीचे गिरने की संभावना है। प्रो. श्रीवास्तव के अनुसार पश्चिम से आने वाली हवाएं हिमालय और ठंडे प्रदेशों से बनारस में सर्दी ला रही हैं। इन दिनों तापमान भी अपने निम्नतम स्तर को छुएगा। तापमान के पांच डिग्री सेल्सियस के भी नीचे जाने का संकेत है। हवाएं 20 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से बह सकती हैं। 28 जनवरी तक मौसम करीब-करीब साफ हो सकेगा, लेकिन ठंड काफी परेशान कर सकती है। उसके बाद से ठंड में हल्की कमी आने के संकेत हैं, मगर तब घने कोहरे का दौर भी शुरू होगा।