गाजीपुर में गंगा में बाढ़ से निजात देने के लिए मनोज सिन्हा ने किया दौरा
गाजीपुर जिले में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने गुरुवार की दोपहर करंडा के पुरैना में गंगा नदी के कटान स्थल का केंद्रीय जल संसाधन टीम के साथ निरीक्षण किया।
गाजीपुर, जेएनएन। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने गुरुवार की दोपहर करंडा के पुरैना में गंगा नदी के कटान स्थल का केंद्रीय जल संसाधन टीम के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान गंगा कटान को स्थाई रूप से रोकने के लिए लगभग 90 करोड़ की कार्य योजना तैयार की गई। पूर्व में बाढ़ के दौरान कटान की स्थिति पैदा होने से कई गांवों के प्रभावित होने का खतरा बना रहता था।
कई बार बाढ़ के दौरान कटान के बाद लोगों के पलायन की भी नौबत क्षेत्र में आ चुकी है। इस लिहाज से स्थानीय लोगों की लंबे अरसे से स्थाई निर्माण की अपेक्षाएं थीं। इससे पहले भी सांसद ने लोगों को बाढ़ से स्थाई निजात दिलाने के प्रयासों के लिए आश्वासन दिया था। इसी कड़ी में गुरुवार को पूरी टीम के साथ मौके का मुआयना कर कटान रोकने के स्थाई उपायों पर अमल करने के लिए निर्देश जारी किए। उम्मीद है अगले वर्ष गंगा में बाढ़ से पूर्व नदी के ठोकरों को मजबूती देने का काम पूरा कर लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सदर विधायक डा. संगीता बलवंत ने भी स्थानीय लोगों की समस्या मंत्री से साझा की।