रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा- प्रियंका गांधी के सक्रिय होने से भाजपा पर कोई असर नहीं
मनोज सिन्हा बीएचयू में आइआइटी के शताब्दी समारोह में शामिल होने आए थे। मनोज सिन्हा ने आज लखनऊ में प्रियंका गांधी वाड्रा के रोड शो पर कहा इससे भाजपा की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
वाराणसी, जेएनएन। प्रियंका गांधी वाड्रा के कांग्रेस महासचिव के रूप में सक्रिय राजनीति में आने के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभार संभालने का भाजपा पर कोई असर नहीं है। यह कहना है रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का। मनोज सिन्हा आज बीएचयू में आइआइटी के शताब्दी समारोह में शामिल होने आए थे। वह आइआइटी के पुरातन छात्र हैं।
मनोज सिन्हा ने आज लखनऊ में प्रियंका गांधी वाड्रा के रोड शो पर कहा कि इससे भाजपा की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उनको देखने वालों की संख्या भले ही बड़ी हो सकती है, लेकिन वोट में कितना बदलेंगे यह तो समय बताएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को अभी सक्रिय कर अपने को जिंदा जरूर कर लिया है। अगर अभी से प्रियंका से मेहनत कराई जाए तो उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का नाम लेने वाले कुछ लोग पैदा हो जाएंगे।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा बीएचयू के शताब्दी समारोह के तीसरे दिन शामिल होने पहुंचे, मनोज सिन्हा भी आइआइटी के ही पुरातन छात्र रहे हैं। वह आज आइआइटी बीएचयू के शताब्दी समारोह के तहत आयोजित ग्लोबल एलुमनी मीट के मुख्य अतिथि थे। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रो. राकेश भटनागर थे। इस आयोजन में इस बार देश-विदेश से 300 पुरातन छात्र शामिल होने आए हैं। इस समारोह का उद्घाटन शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।