लंका से मेडिकल के दौरान भागे देवरिया निवासी अभियुक्त को मंडुआडीह पुलिस ने पकड़ा
पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार अभियुक्त को मडुआडीह पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मड़ौली क्षेत्र से धर दबोचा। लंका थाने में पंजीकृत धारा 379/411 के मामले में वांछित अभियुक्त देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सिरजम गांव निवासी धर्मेंद्र सेठ को लंका पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
वाराणसी, जेएनएन। पुलिस अभिरक्षा से बुधवार की दोपहर मेडिकल के दौरान नाटकीय ढंग से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार अभियुक्त को मडुआडीह पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मड़ौली क्षेत्र से धर दबोचा। लंका थाने में पंजीकृत धारा 379/411 के मामले में वांछित अभियुक्त देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सिरजम गांव निवासी धर्मेंद्र सेठ को लंका पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार बुधवार की दोपहर स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान भेलूपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से अभियुक्त शौचालय जाने के बहाने निकला और मुल्जिम ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को चकमा देकर मौके से भाग निकला। इसकी सूचना लंका पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। जानकारी होने के बाद रमना चौकी इंचार्ज संध्या सिंह ने इंस्पेक्टर मंडुआडीह महेंद्र राम प्रजापति से उसका मोबाइल नंबर देकर मदद करने की बात कही। थानाध्यक्ष मंडुआडीह ने सर्विलांस पर नंबर लगाया तो अभियुक्त की लोकेशन मंडुआडीह थाना क्षेत्र के ही मड़ौली इलाके का निकला। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त गलियों का सहारा लेकर भागने के फिराक में था। इस दौरान हमराही और चालकों ने उसको पैदल ही दौड़ा लिया। चालक पवन श्रीवास्तव उसको एक घर के अंदर से पकड़ कर बाहर निकाला तो हमराहियों ने पकड़ लिया।
पूछताछ में अभियुक्त धर्मेंद्र सेठ ने बताया कि वह अपने जीजा अशोक के घर छिपने जा रहा था कि पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं अभियुक्त के भागने के बाद सूचना आला अधिकारियों को दी गई। वहीं हिरासत में लेने के बाद मंडुआडीह पुलिस ने अभियुक्त को लंका थाने के सुपुर्द कर दिया। पुलिस महकमे में अभियुक्त के भागने और दोबारा पकड़ने को लेकर बुधवार को काफी चर्चा रही।