मल्हनी विधानसभा उप चुनाव : 23 प्रत्याशियों ने किया नामांकन, 19 अक्टूबर तक हो सकेगी नाम वापसी
मल्हनी विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 16 को समाप्त हो गई। इस उपचुनाव में 23 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन पत्रों की जांच होगी। यहां चुनाव तीन नवंबर को व मतों की गणना दस नवंबर को होगी।
जौनपुर, जेएनएन। मल्हनी विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 16 को समाप्त हो गई। इस उपचुनाव में 23 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है, जबकि कुल 35 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी। 12 लोगों ने पर्चा खरीदने के बावजूद नामांकन नहीं किया। अब दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 19 अक्टूबर तक नामांकन करने वाला कोई भी अपना नाम वापस ले सकेगा। यहां चुनाव तीन नवंबर को व मतों की गणना दस नवंबर को होगी।
नामांकन करने के बाद अधिकांश प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान को गति देने व चुनावी रणनीति का ताना-बाना बुनने में जुट गए। नामांकन पत्रों की जांच व नामवापसी की तिथि बीत जाने के बाद इस उपचुनाव में किस्मत आजमाने को उतरने वाले प्रत्याशियों की सही तस्वीर सामने आ सकेगी।
शिकायतों के लिए स्थापित हुआ कंट्रोल रूम
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम प्रकाश ने बताया कि 367-मल्हनी विधानसभा उपचुनाव के लिए राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी आयकर विभाग द्वारा एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसका टोल फ्री नंबर 18001806555 व वाट्सएप नंबर 8005445129 है। इसमें चुनाव लडऩे वाले व्यक्तियों व पार्टियों द्वारा निर्वाचन को प्रभावित करने के उद्देश्य से किए जाने वाले नकदी व काले धन के प्रयोग संबंधी शिकायत की जा सकती है।
विधानसभा मल्हनी क्षेत्र में 85 क्रिटिकल बूथ
विधानसभा मल्हनी क्षेत्र में 85 क्रिटिकल बूथ हैं जिन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। 21 नाका प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं। जहां पर आने-जाने वालों की जांच की जाएगी। विधानसभा मल्हनी क्षेत्र में 1217 लाइसेंसी शस्त्र हैं। जिनको जमा कराने की कार्रवाई की जा रही है।