कूड़ा से खाद नहीं बनाने पर होगी कार्रवाई, नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया निर्णय
नगर निगम प्रशासन ने बैठक कर कूड़ा से खाद नहीं बनाने वालों पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
वाराणसी, जेएनएन। नगर निगम प्रशासन ने बैठक कर कूड़ा से खाद नहीं बनाने वालों पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त गौरांग राठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कल से आगामी 3 दिनों तक 100 किलोग्राम से अधिक कूड़ा उत्सर्जन करने वाले प्रतिष्ठानों ( होटलों, रेस्टोरेंट, बरात घर, माल, स्कूलों इत्यादि) पर अपने परिसर में कंपोस्टिंग नहीं करने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 को प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को नगर निगम में मैराथन बैठक की इसमें जोनल अधिकारियों तथा सभी स्वास्थ्य निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि शनिवार से यह अभियान लगातार 3 दिन तक कड़ाई के साथ चलाया जाएगा। नगर निगम इससे पूर्व दो बार नोटिस दे चुका है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई न करने पर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अजय कुमार सिंह, जोनल अधिकारी क्रमश: धर्मराज सिंह, आशीष ओझा, पी के द्विवेदी, रामेश्वर दयाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामसकल यादव, सचिव जलकल रघुवेंद्र, मुख्य अभियंता सूरज सिंह के साथ सभी अभियंता एवं स्वास्थ्य निरीक्षक उपस्थित थे।
नगर निगम में बना वार रूम
स्वच्छता सर्वेक्षण को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम के द्वितीय तल पर वार रूम बनाया गया है। इसमें लोग स्वच्छता एप के बारे में जानकारी ले सकते हैं। इसके माध्यम से कूड़ा निस्तारण की ऑनलाइन मानिटङ्क्षरग की जाएगी।
20 अधिकारी-कर्मचारी हैदराबाद में लेंगे प्रशिक्षण
नगर निगम, जलकल और जल निगम के 20 अधिकारी और कर्मचारी दो दिसंबर से छह दिसंबर तक हैदराबाद में प्रशिक्षण लेने जाएंगे। इसमें अच्छी सरकार और उनकी सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। हैदराबाद के प्रशासनिक कॉलेज में इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें स्मार्ट सिटी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण दिया जाएगा। टीम में नगर निगम के अपर आयुक्त अजय कुमार सिंह, जोनल अधिकारी पीके द्विवेदी, रामेश्वर दयाल, रघुवेंद्र कुमार, एसके बर्मन के साथ तीन कर निरीक्षक और सफाई निरीक्षक रहेंगे।