Mahatma Gandhi Kashi Vidyapeeth : छात्रसंघ का थमा चुनावी शोर, अब डोर-टू-डोर पर जोर, मतदान 25 को
छात्रसंघ चुनाव के प्रचार पर रोक लगने के बाद काशी विद्यापीठ प्रशासन मतदान की प्रक्रिया में जुट गया है। गत वर्ष की भांति मतदान से लेकर मतगणना तक की जानकारी वेबसाइट पर अपडेट करते रहने का निर्णय लिया गया है।
वाराणसी, जेएनएन। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 25 फरवरी होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर शोर मंगलवार को थम गया। अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर छात्रों से संपर्क करने में जुट गए हैं। वहीं प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों उनके समर्थकों ने अब पूरी ताकत झोंक दी है। समर्थकों ने परिसर में जुलूस निकाल कर शाम चार बजे तक नारेबाजी करते रहे। आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए प्रत्याशियों के समर्थकों ने इस दौरान जमकर हवा में कार्ड उड़ाए। पूरा परिसर प्रचार सामग्री से पटा रहा है। प्रचार में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों का जमावड़ा लगा रहा है। इसमें राजनैतिक दलों नेता भी शामिल थे। प्रचार का अंतिम दिन होने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन भी काफी सतर्क था। परिसर में चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया गया था। प्रचार पर रोक लगने के बाद विद्यापीठ प्रशासन मतदान की प्रक्रिया में जुट गया है। गत वर्ष की भांति मतदान से लेकर मतगणना तक की जानकारी वेबसाइट पर अपडेट करते रहने का निर्णय लिया गया है।
मतदान के लिए बने 23 बूथ
मतदान के लिए मानविकी संकाय में 24 बूथ बनाए जाएंगे। इसमें दस बूथ छात्राओं के लिए भी शामिल है।
9062 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
चुनाव में 9062 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 5189 छात्र व 3873 छात्राएं शामिल हैं। इस प्रकार 43 फीसद छात्राओं की भागीदारी होगी।
ओमएमआर शीट पर होगा मतदान, नोटा का भी रहेगा विकल्प
चुनाव अधिकारी प्रो. केएस जायसवाल ने बताया कि मतदान गत वर्ष की भांति ओएमआर (आप्टिकल मार्क रीडर) शीट पर होगा। वहीं नोटा (कोई से कोई नहीं) का विकल्प भी रहेगा।
दो दिन पठन-पाठन स्थगित
छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर 24 व 25 फरवरी को पठन-पाठन स्थगित कर दिया गया है।