Coronavirus Varanasi City News Update : काशी में 71 मिले पॉजिटिव, 513 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
वाराणसी में हर रोज बढ़ते मरीज अपने ही रिकार्ड तोड़ रहे है। शुक्रवार को सुबह 11 बजे तक आई रिपोर्ट में 20 लोग पॉजिटिव पाए गए वहीं शाम को आई रिपोर्ट में 51 नए मामलों की पुष्टि हई है।
वाराणसी, जेएनएन। वाराणसी में हर रोज बढ़ते मरीज अपने ही रिकार्ड तोड़ रहे है। शुक्रवार को सुबह 11 बजे तक आई रिपोर्ट में 20 लोग पॉजिटिव पाए गए, वहीं शाम को आई रिपोर्ट में 51 नए मामलों की पुष्टि हई है। पाए गए संक्रमितों की संख्या 71 हो गयी है। यह आंकड़ा अब तक का सर्वाधिक है। वही ठीक हो जाने के बाद 14 लोगों को अस्पताल से घर भी भेजा गया है। वाराणसी में इस खतरनाक बीमारी से अबतक कुल 31 लोगों की जान जा चुकी है। जिले में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 1118 हो गया है। जबकि 513 मरीज स्वस्थ होकर अपने अपने घरों के लिए डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 574 है।
बीते गुरुवार को 68 नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए थे, जबकि कोरोना का इलाज करा रहे 8 मरीजों का सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें स्वस्थ घोषित कर घरों के लिए डिस्चार्ज किया गया था। वर्तमान में एक्टिव कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 518 है, जबकि 30 की मृत्यु हो चुकी है। 16 नए हॉटस्पॉट बनाए गए हैं। अब तक बनाए गए 474 हॉटस्पॉट में से 237 रेड जोन में है, जबकि 74 ऑरेंज तथा 163 ग्रीन जोन में है। वर्तमान में 311 एक्टिव हॉटस्पॉट है।
बाहर बिना मास्क मिले तो लगेगा जुर्माना
वाराणसी में बिना मास्क के बाहर घूमने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। यदि बिना मास्क के दिखे तो जुर्माना लगाया जाएगा। बीते गुरुवार को भी कई लोगों पर पांच सौ रुपये जुर्माना लगाया गया और मास्क पहन कर घर से निकलने की हिदायत दी गई। दो दिन पहले एक दुकानदार को भी बिना मास्क पहने दुकान के बाहर लघुशंका के लिए सड़क पर निकलना महंगा पड़ गया था। चालान होने पर दुकानदार को भी पांच सौ रुपए की जुर्माना राशि जमा करनी पड़ी थी। इससे लोगों के अंदर डर तो बैठ रहा है लेकिन तफरी करने वाले अभी भी बिना मास्क के सड़कों पर घूम रहे हैं। पुलिस को इनसे कड़ाई से निपटने की जरूरत है। वहीं कुछ लोग मास्क की बजाय बनारसी गमछे का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।