Coronavirus Varanasi City News Update कोरोना से 15वीं मौत, 16 आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
Coronavirus Varanasi City News Update बीएचयू से प्राप्त रिपोर्ट में कोरोना से 15वीं मौत हुई और 16 आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किए गए।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस में शुक्रवार को कोरोना से 15वीं मौत हो गई। वहीं 16 मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया। बीएचयू लैब से मिले 214 सैंपल के परिणाम में से चार नए कोरोना पॉजिटिव, जबकि गुरुवार देर रात 13 नए कोरोना मरीज मिले थे। यानी जनपद में कोरोना के कुल 17 मामले शुक्रवार को सामने आए। वहीं एक मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे स्वस्थ घोषित करते हुए अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
24 जून को मिले चार मरीजों में से 45 वर्षीय पहले मरीज का संबंध खरकपुर, देवचंद्रपुर थाना बड़ागांव से है, जो फ्लाइट से 17 जून को मुंबई से बनारस आया था। उसे सांस लेने में दिक्कत होने पर 24 जून को बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 46 वर्षीय दूसरे मरीज का संबंध शीलनगर महमूरगंज से है, जो पेशे से अगरबत्ती केमिकल सप्लायर है। 20 वर्षीय तीसरे मरीज का संबंध हुकुलगंज थाना कैंट से है। यह मरीज पूर्व में पॉजिटिव आए मरीज की दुकान पर काम करता था। वहीं 38 वर्षीय चौथे मरीज का संबंध कोतवाली अंबिया मंडी थाना कोतवाली से है। यह मरीज साइकिल पंक्चर की दुकान चलाता है। वहीं कज्जाकपुरा थाना आदमपुर निवासी 34 वर्षीय युवक को 16 जून को उल्टी व पेट में दर्द की शिकायत हुई। 17 जून को उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। 25 जून को कोविड-19 जांच के लिए उसका सैंपल लिया गया, जिसका परिणाम देर रात पॉजिटिव आने पर उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 26 जून को उसकी मृत्यु हो गई। उधर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव मरीज का फालोअप सैंपल का परिणाम निगेटिव आने पर उसे स्वस्थ घोषित करते हुए अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
ये हैं दस नए हॉटस्पाट
गांधीनगर थाना सिगरा, चंदुआ सट्टी थाना सिगरा, सोनिया पोखरा थाना सिगरा, पंचायती कुंआ थाना आदमपुर, घसियारी टोला थाना आदमपुर, लहरतारा थाना मंडुआडीह, खरकपुर थाना बड़ागांव, शीलनगर थाना सिगरा, अंबिया मंडी थाना कोतवाली, राधा कटरा गली हुकुलगंज थाना कैंट।
जनपद में एक्टिव मरीजों की संख्या पहुंची 129
जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 412 हो गई है। 268 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 129 है। पूर्व में घोषित हॉटस्पाट निराला नगर थाना सिगरा जो कि ग्रीन जोन में आ चुका था, लेकिन पॉजिटिव मरीज मिलने के कारण दोबारा रेड जोन में चला गया है। इस प्रकार जनपद में हॉटस्पॉट की संख्या 205 हो गई है। आज कोई भी हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में नहीं आया है। इस प्रकार 110 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट्स की संख्या 95 है, जिसमें से 25 ऑरेंज एवं 70 रेड जोन में है।
570 सैंपल का परिणाम वेटिंग
जनपद में आज कुल 265 सैंपल कलेक्ट किए गए। अब तक 10266 सैंपल जनपद वाराणसी में लिए जा चुके हैं जिसमें से 9696 सैंपल का परिणाम प्राप्त हो चुके हैं। वहीं 570 सैंपल का परिणाम आना अभी बाकी है। प्राप्त परिणामों में 9284 परिणाम नेगेटिव एवं 412 परिणाम पॉजिटिव हैं।