वाराणसी में एलआइसी के शाखा प्रबंधक को मकान खाली कराने को लेकर मार-पीटकर किया घायल
पति पर रिवाल्वर से फायर करने व रॉड और डंडे से मारकर घायल करने का आरोप लगाया है। महिला के देवर संतोष पाल पर भी हमला किया गया। महिला के पति को गम्भीर अवस्था में 112 नम्बर पर सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने ट्रामा सेंटर भर्ती कराया है।
वाराणसी, जेएनएन। भेलूपुर थाना क्षेत्र के मानस नगर एक्सटेंशन कालोनी निवासी एक इंटर कालेज की अध्यापिका ने पड़ोसी पर मकान खाली करने के लिए एलआइसी में शाखा प्रबंधक पति व देवर की पिटाई व जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। महिला ने पड़ोसी व उसके बेटे समेत सात अज्ञात के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
थाने में दर्ज कराई गई प्रथम सूचना रिपोर्ट में उक्त कालोनी निवासिनी अध्यापिका अनुराधा पाल ने आरोप लगाया है कि उनके पति एलआइसी में शाखा प्रबंधक विजय कुमार पाल मंगलवार की सुबह सरकारी गाड़ी निकाल कर आफिस जा रहे थे। तभी कौशिक पांडेय उनके पुत्र यश पांडेय व अन्य एक पुत्र तथा सात अज्ञात लोग पति को रोक कर गाली - गलौज व मारपीट करने लगे।
अध्यापिका ने इस दौरान पति पर रिवाल्वर से फायर करने व रॉड और डंडे से मारकर घायल करने का आरोप लगाया है। बचाने पहुंचे महिला के देवर संतोष पाल पर भी हमला किया गया। महिला के मुताबिक उसके पति को गम्भीर अवस्था में 112 नम्बर पर सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने ट्रामा सेंटर भर्ती कराया है। बीच बचाव कर रही अध्यापिका को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया है। महिला के मुताबिक हमलावर हिस्ट्रीशीटर है। जाते समय वे लोग अध्यापिका की चेन लूटकर ले गए। पुलिस विभिन्न धराओं में मुकदमा कायम कर कार्रवाई कर रही है।