जलापूर्ति लाइन में लीकेज और गंदे पानी से लोग परेशान, जलापूर्ति शुरू होने पर कई जगहों पर लीकेज
हुकुलगंज में जलापूर्ति लाइन में लीकेज से लोग परेशान हैं। कालोनी के मुख्य द्वार पर जलभराव से आवागमन में दिक्कत हो रही है।
वाराणसी, जेएनएन। हुकुलगंज में जलापूर्ति लाइन में लीकेज से लोग परेशान हैं। कालोनी के मुख्य द्वार पर जलभराव से आवागमन में दिक्कत हो रही है। इसके अलावा कई घरों में प्रदूषित जलापूर्ति ने भी विकट स्थिति पैदा कर दी है। जल निगम की ओर से हुकुलगंज के वरुणा नगरम कालोनी में दो वर्ष पूर्व जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाई गई थी। अब जब जलापूर्ति शुरू हुई तो कई जगह लीकेज हो गया। कुछ दिन पहले आठ से दस जगहों पर था लेकिन अब काफी जगहों पर लीकेज हो गया है। कालोनी में पहले ही खोदाई के चलते सड़क की स्थिति खराब है।
उधर, सिगरा स्थित गुलाब बाग कालोनी और लल्लापुरा मार्ग पर जलापूर्ति लाइन में लीकेज से पानी सड़क पर फैल रहा है। जबकि घरों में कम दबाव के चलते पानी की आपूर्ति जरूरत के मुताबिक नहीं हो रहा। इससे परेशानी बढ़ गई है।
20 दिनों से गंदे पानी की आपूर्ति
हुकुलगंज में सांस्कृतिक संकुल स्थित ट्यूबवेल से आपूर्ति होने वाले क्षेत्रों में सीवर युक्त गंदा पानी आने से लोग परेशान हैं। क्षेत्रीय पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि 20 दिनों से यही हाल है। बताया कि व्हाट्सएप के जरिए जलकल के अवर अभियंता, सहायक अभियंता व अधिशासी अभियंता को लिखित संदेश भेजकर जानकारी दी। फिर भी कार्रवाई नहीं हुई।
पार्षद के आवास पर हंगामा
रामजी डेंटर की गली में रहने वाली कई महिलाओं ने पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव के आवास पर पहुंचकर हंगामा किया। वहीं पार्षद ने कहा कि जल्द ही गंदे पानी से निजात नहीं मिला तो वे जलकल कार्यालय पहुंचकर धरना देंगे।