आजमगढ़ में जमीन के विवाद में पीएसी जवान की गोली मारकर हत्या, आया था बहन की शादी को रिश्ता देखने
तरवां थाना क्षेत्र के शाहपुर कानूनगो गांव में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर घर आए पीएसी के जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
आजमगढ़, जेएनएन। तरवां थाना क्षेत्र के शाहपुर कानूनगो गांव में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर घर आए पीएसी के जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं हमले में मृत पक्ष के जेल वार्डेन, सीआरपीएफ जवान समेत तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटना की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है। जबकि अन्य आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।
शाहपुर कानूनगो गांव निवासी 55 वर्षीय मुन्ना पांडेय पुत्र विभूति पांडेय का अपने पट्टीदार संजय पांडेय पुत्र रामनवल पांडेय के घर के बीच पड़ी खाली भूमि को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। मुन्ना पांडेय पक्ष के लोग उक्त विवादित भूमि पर शुक्रवार की सुबह लगभग नौ बजे मिट्टी पाट रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने आकर प्रतिरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी डंडा व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
इस बीच हमलावर पक्ष की ओर से असलहे से गोली भी चला दी गई। गोली लगने से 21 वर्षीय चंद्रमणी पांडेय उर्फ छोटू पुत्र मुन्ना पांडेय की मौत हो गई। मृत चंद्रमणी पांडेय पीएसी के जवान थे। वह छुट्टी पर गुरुवार को घर आए थे। वहीं हमले में मृत पीएसी जवान के पिता मुन्ना पांडेय, चाचा 45 वर्षीय मंदिर पांडेय, बड़ा भाई 24 वर्षीय इंद्रसेन पांडेय भी घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में मुन्ना पांडेय देवरिया जेल में जेल वार्डेन, मंदिर पांडेय जम्मू में सीआरपीएफ के जवान के पद पर तैनात है। वे दोनों लोग भी छुट्टी पर घर आए हुए थे। हत्या की खबर मिलते ही एसपी प्रो. त्रिवेणी ङ्क्षसह, एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मुख्य हमलावर संजय पांडेय पुत्र रामनवल पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। तरवां थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल मुन्ना पांडेय की तहरीर पर संजय पांडेय, पंकज पांडेय, मृत्युंजय पांडेय समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बहन की शादी को रिश्ता देखने आया था भाई
शाहपुर कानूनगो गांव में पीएसी जवान की हुई हत्या से गांव के लोग सकते में हैं। वहीं स्वजनों की चीख पुकार से गांव में कोहराम मचा हुआ है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
शाहपुर कानूनगो गांव निवासी मुन्ना पांडेय के परिवार में अधिकतर पुरूष सदस्य नौकरी पेशा में है। मुन्ना पांडेय देवरिया जेल में जेल वार्डेन के पद पर जहां कार्यरत हैं, वहीं उनके छोटा भाई मंदिर पांडेय जम्मू कश्मीर में सीआरपीएफ जवान के पद पर कार्यरत हैं। जबकि मुन्ना का छोटा पुत्र चंद्रमणी उर्फ छोटू पांडेय भी प्रयागराज के चौथी बटालियन पीएसी का जवान था। वह लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व पीएसी में भर्ती हुआ था।
मुन्ना पांडेय अपनी पुत्री की शादी के लिए लड़का देखने के लिए छ़ुट्टी लेकर घर आए थे। शादी का रिश्ता तय करने से पूर्व उन्होंने अपने छोटे पुत्र चंद्रमणी को भी बुलाया था। बहन की शादी के रिश्ता देखने के लिए वह भी छुट्टी लेकर गुरुवार को ही प्रयागराज से घर आया था। उसे इस बात का एहसास नहीं था कि घर आने के बाद उसकी हत्या कर दी जाएगी। स्वजनों का कहना है कि छोटू पांडेय अपनी बहन की शादी देखने के लिए काफी अरमान संजोए हुए था। वह दो भाईयों में छोटा था। बड़ा भाई इंद्रसेन घर पर ही रहता है। छोटू की हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोग भी इस घटना से काफी मर्माहत नजर आ रहे थे।