झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन काशी विश्वनाथ दर्शन करने पहुंचे, कल जाएंगे विंध्यवासिनी धाम
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को वाराणसी पहुंच गए हैं।
वाराणसी, जेएनएन। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को वाराणसी पहुंच गए हैं। प्रोटोकाल के अनुसार वह शुक्रवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचे। इसके बाद वह नदेसर स्थित एक होटल में विश्राम करने के बाद शाम को पांच बजे बाबा काशी विश्वनाथ और भूतनाथ का दर्शन पूजन करेंगे।
मंदिर में दर्शन पूजन के बाद वह दशाश्वमेध घाट स्थित विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी भाग लेंगे। वाराणसी में रात्रि विश्राम के बाद वह शनिवार की सुबह आठ फरवरी को मां विध्यवासिनी का दर्शन करने के लिए मीरजापुर भी जाएंगे। मीरजापुर से वापसी के बाद वह बाबतपुर एयरपोर्ट से रांची रवाना हो जाएंगे। वाराणसी में हेमंत सोरेन कई लोगों से मुलाकात भी करेंगे।
झारखंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद वाराणसी में बाबा विश्वनाथ दरबार में वह पहली बार पहुंच रहे हैं। काशी विश्वनाथ दरबार में झारखंड के मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूजन और दर्शन की विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार बाबा दरबार में दर्शन पूजन के बाद उनको प्रसाद भी दिया जाएगा। उम्मीद है कि वह श्री काशी विश्वनाथ कारीडोर भी जाएंगे।