जौनपुर भदेठी कांड : 17 आरोपितों में से एक चढ़ा पुलिस के हत्थे, 15 चिह्नित
जौनपुर में बहुचर्चित भदेठी वर्ग संघर्ष कांड में नामजद फरार चल रहे पांच-पांच हजार के 17 इनामिया आरोपितों में से एक सलमान को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
जौनपुर, जेएनएन। बहुचर्चित भदेठी वर्ग संघर्ष कांड में नामजद फरार चल रहे पांच-पांच हजार के 17 इनामिया आरोपितों में से एक सलमान को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। अब तक पुलिस नामजद 54 में से 38 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों में से 15 को चिह्नित कर लिया है। बाकी आरोपितों की तलाश में पुलिस संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है। उधर, घटना को लेकर गांव में तनावपूर्ण शांति कायम है। पांचवें दिन भी गांव में सन्नाटा पसरा रहा और दुकानें बंद रहीं।
जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गांव में बीते मंगलवार को वर्ग संघर्ष को लेकर तनावपूर्ण स्थिति कायम है। वांछित 17 इनामिया आरोपितों की तलाश में पुलिस के शुक्रवार को आधी में रात दबिश देने से वर्ग विशेष की बस्ती के लोग खौफजदा थे। लेकिन रविवार को पुलिस को सफलता मिली और एक आरोपित उनके हत्थे चढ़ गया।
मालूम हो कि मंगलवार की शाम गांव के वर्ग विशेष व अनुसूचित जाति के बच्चों में बकरी व भैंस चराने को लेकर विवाद हो गया था। प्रधान पति आफताब उर्फ हिटलर के हस्तक्षेप पर मामला शांत हो गया था। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे वर्ग विशेष की हिंसक भीड़ ने अनुसूचित जाति बस्ती पर धावा बोल दिया था। जो मिला उसकी पिटाई की तथा तोडफ़ोड़ व आगजनी की। कई लोगों के घर व मड़हे जल गए। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। तीन बकरियां व एक भैंस आग में झुलसकर मर गईं। जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह व एसपी अशोक कुमार के भारी पुलिस बल के साथ आने पर हिंसक भीड़ नियंत्रित हो सकी थी। पुलिस ने घटना के दिन ही 35 और दूसरे दिन दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। फरार चल रहे बाकी 17 नामजद आरोपितों पर एसपी ने शुक्रवार को पांच-पांच हजार रुपये का पुरस्कार घोषित कर दिया था।