Smart City के तहत वाराणसी के 84 घाटों पर हेरिटेज साइनेज लगाने का काम शुरू, 4.3 करोड़ होंगे खर्च
लॉकडाउन के बीच स्मार्ट सिटी के तहत वाराणसी के 84 घाटों पर हेरिटेज साइनेज लगाने का काम शुरू हो गया है।
वाराणसी, जेएनएन। लॉकडाउन के बीच स्मार्ट सिटी के तहत शहर के 84 घाटों पर हेरिटेज साइनेज लगाने का काम शुरू हो गया है। इस कार्य में करीब 4.3 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अंतर्गत नाम पटि्टका बदलने के साथ प्रत्येक घाट पर उसकी महत्ता के साथ उसके आस-पास की प्रमुख धरोहरों और खासियत के बारे में विस्तार से दर्शाया जाएगा। इससे पर्यटकों के साथ यात्रियों को भी सुविधा होगी।
नगर आयुक्त गौरांग राठी ने बताया कि हेरिटेज साइनेज को विशेष प्रकार के धातु कर्टन पर अंकित किया जाएगा। इसकी खासियत यह होगी कि यह धातु गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी के बाद भी खराब नहीं होगा। नगर आयुक्त के मुताबिक सभी साइनेज में क्यूआर कोड भी होगा, जिसे मोबाइल के माध्यम से स्कैन करने पर स्मार्ट सिटी के पोर्टल द्वारा उस हेरिटेज साइनेज के धरोहर से संबंधित जानकारी प्राप्त होगी। यह दिव्यांगों और दृिष्टहीन लोगों के लिए भी सुगम होगा। वहीं शहर के ऐतिहासिक धरोहरों एवं प्राचीन विरासतों के बारे में यहां आने वाले पर्यटकों, यात्रियों को सूचना आसानी से उपलब्ध होगी। कमिश्नर दीपक अग्रवाल के निर्देश पर शहर के 84 घाटों पर ये हेरिटेज साइनेज लगाए जाने हैं। ये साइनेज पर्यटकों के मार्गदर्शन व अन्य ऐतिहासिक स्थलों से संबंधित जानकारी मुहैया कराएंगे।