Independence Day : वाराणसी में आजादी का इजहार, कहीं बना तिरंगा तो कहीं स्वरूप बना कर दिया संदेश
स्वतंत्रता दिवस पर घरों में महिलाओं व कई संस्थाओं ने अपने अंदाज में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया जा रहा है।
वाराणसी, जेएनएन। स्वतंत्रता दिवस पर घरों में महिलाओं व कई संस्थाओं ने अपने अंदाज में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया जा रहा है। कहीं तिरंगा केक बनाकर उसे पतंग का आकार देते हुए कोरोना को हराकर विकास की उड़ान भरने का जज्बा दिखाया गया तो कहीं भारत माता बने स्वरूप ने देश की एकता का संदेश दिया। कहीं महिलाएं हाथों में तिरंगा लिए झूमती नजर आई। कुल मिलाकर हर कोई अपना अंदाज में स्वतंत्रता दिवस की खुशी जाहिर कर रहा था।
तिरंगा केक से दिया संदेश
रामकटोरा में समाजसेवी माधुरी श्रीवास्तव ने अपने अंदाज में आजादी की खुशियां मनाईं। अपनी बेटी शिप्रा के साथ पतंग के आकार का केक बनाया। इस दौरान उन्होंने ये संदेश दिया कि कोरोना हारेगा और भारत जीतेगा। इस विश्वास की उड़ान उन्होंने केक के माध्यम से दिखाई। श्वेता शिल्प कला केंद्र में महिलाओं व युवाओं ने भारत माता व हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई का स्वरूप बनकर देश की एकता का संदेश दिया। इस दौरान सभी के चेहरे पर गजब का उत्साह नजर आ रहा था।
आजादी के उत्साह में झूमीं महिलाएं
वहीं कुछ महिलाओं ने अपने घरों की छत पर हाथों में तिरंगा लिए और तिरंगा परिधान में झूमकर नृत्य किया। इस दौरान उनका परिवार भी इसमें शामिल रहा। चूंकि कोरोना के कारण इस बार संस्थाओं द्वारा बाहर कोई आयोजन नहीं होगा इसलिए संस्था, क्लबों द्वारा आनलाइन व घरों में ही आयोजन हो रहे हैं। 15 अगस्त पर घरों में बच्चों को भी परिजनों ने क्रांतिकारियों के रूप में सजाया। जिसमें कोई भगत सिंह बना तो कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रूप धारण किए सभी का मन मोह रहा था। बाजार में भी स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा कैप, ब्रेसलेट, स्टीकर, गुब्बारे आदि की लोगों ने खरीदारी की। वहीं कई जगहों पर युवाओं ने देश की आजादी को दर्शाते टैटू भी बनवाए।
छात्रों ने मनाया संकल्प दिवस
स्वतंत्रता दिवस पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों ने भारत माता मंदिर परिसर में अखंड भारत संकल्प दिवस मनाया। इस दौरान शारीरिक दूरी का मानकों का पालन करते हुए छात्रों ने देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का भी संकल्प लिया। इस मौकेे पर छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष संदीप सिंह पिंटू, श्रीकांत, शिव प्रकाश चौबे, सुमित, अजय गुप्ता, रामदीन, राजु, अजय तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।