मीरजापुर में गरई नदी में डूबने से चचेरी भाई बहन की मौत, परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल
रेरूपुर गांव निवासी चचेरे भाई बहन की गरई नदी में सुबह डूबने से मौत हो गई। जानकारी होने के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया और सभी का रो रोकर बुरा हाल हो गया। सुबह करीब 11 बजे चन्दौली गांव के पास नदी में चचरे भाई बहन डूब गए।
मीरजापुर, जेएनएन। जमालपुर थाना क्षेत्र के रेरूपुर गांव निवासी चचेरे भाई बहन की गरई नदी में सुबह डूबने से मौत हो गई। जानकारी होने के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया और सभी का रो रोकर बुरा हाल हो गया।सुबह करीब 11 बजे चन्दौली गांव के पास नदी में चचरे भाई बहन डूब गए। मृतक बच्चों में संदीप (10) पुत्र राजेश भारती, प्रियंका (9) पुत्री रामचरन शामिल हैं। वहीं ग्रामीणों ने जानकारी होने के बाद पुलिस को भी सूचना दे दी।
रेरूपुर गांव निवासी राजेश भारती का बड़ा पुत्र संदीप अपने बड़े पिता रामचरन की पुत्री प्रियंका के साथ मवेशी चराने के लिए करीब सुबह दस बजे सिवान गया हुआ था।करीब ग्यारह बजे चन्दौली गांव के पास गरई नदी में मवेशी उतर गए एवं मवेशी को हांकने मे चचरे भाई और बहन नदी मे फिसल कर गिर गए और गहरे पानी में डूबने लगे। नदी के पार चंदौली गांव के ग्रामीणों ने बच्चों को नदी में डूबते देख कर शोर मचाया और जबतक नदी से दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया तबतक दोनों की मौत हो गई।
मृतक संदीप माता पिता की दो संतानों मे दूसरे नंबर पर था और उसकी माता का नाम जानकी देवी है। मृतक बालिका प्रियंका एक भाई एवं चार बहनों मे सबसे छोटी थी एवं उसकी माता का नाम रीता देवी है। मृतक बच्चों के पिता मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। स्वजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया। जानकारी होने पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने जांच पड़ताल किया। भारी बारिश की वजह से गरई नदी में पानी अधिक रहने से बच्चों को डूबने से बचाया नही जा सका। थानाध्यक्ष विजय कुमार सरोज ने बताया कि घटना की जानकारी देर से मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल किया गया। स्वजनों ने पोस्टमार्टम न करा शव का अंतिम संस्कार कर दिया।