Azamgarh में सिर पर प्रहार कर दंपती की हत्या, घर के बाहर खून से लथपथ मिला शव
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गड़ौली गांव में शुक्रवार की रात को दंपती के सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
आजमगढ़, जेएनएन। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गड़ौली गांव में शुक्रवार की रात घर के बाहर सो रहे वृद्ध दंपती की एक मनोरोगी युवक ने पत्थर से उनके सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने केस दर्ज कर हत्यारोपित मनोरोगी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गड़ौली गांव निवासी श्रीनाथ मौर्य (70) व उनकी पत्नी मैना देवी (65) गांव से बाहर मकान बनाकर रहते थे। उनके पुत्र कैलाश मौर्य जीविकोपार्जन के लिए मुंबई रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार की रात पति पत्नी घर के बाहर मड़ई में सो रहे थे। उसी दौरान किसी समय दोनों की हत्या कर दी गई। शनिवार की भोर में खेत की ओर गए ग्रामीण खून से लथपथ वृद्ध दंपती का शव पड़ा देख सन्न रह गए। ग्रामीणों की सूचना पर एसपी सिटी पंकज पांडेय, सीओ लालगंज मनोज रघुवंशी, देवगांव कोतवाल संजय सिंह मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी पंकज पांडेय ने कहा कि गड़ौली गांव निवासी गोलू (18) पुत्र हरिकेश मौर्य की दिमागी हालत ठीक न होने से स्वजन उसे रस्सी से बांधकर कमरे में बंद किये थे।
ग्रामीणों ने बताया कि वह रात में किसी तरह वहां से भाग निकला और वारदात को अंजाम देकर खेत में छिप गया था। हत्यारोपित मनोरोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर व कपड़ा बरामद हो गया है। मृत वृद्ध के साला अरविंद मौर्य निवासी जनपद जौनपुर की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।