देश में मंदी होती तो जैकेट और कोट नहीं, धोती कुर्ता पहनते लोग, बोले सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त
भाजपा सांसद व भारतीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा कि देश में मंदी नहीं है।
बलिया, जेएनएन। भाजपा सांसद व भारतीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा कि देश में मंदी नहीं है। यदि मंदी होती तो यहां हम लोग जैकेट और कोट पहनकर नहीं आए होते। सांसद मस्त रविवार को विशिष्ठ बीटीसी शिक्षकों की सेवा के सफलतम 10 साल पूरे होने के मौके पर शैक्षिक संवर्धन गोष्ठी व शिक्षक सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।
सांसद ने वहां मौजूद मीडिया कर्मियों से वार्ता करते हुए हर तरफ चल रही मंदी संकट पर भी चर्चा की। तर्क देते हुए कहा कि मंदी का संकट होता तो खर्च कम होता। शादियों में बारातों में खर्च कहां कम हुआ। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि अगर मंदी होती तो हम लोग कोट, पैंट नहीं खरीदते।
सांसद मस्त ने कहा कि आजकल देश दुनिया में मंदी पर बहस चल रही है लेकिन अगर मंदी होती तो हम लोग केवल धोती कुर्ता पहनकर आए होते, जैकेट और कोट नहीं। महिलाओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये देखिये देवियां कैसे बैठी हैं। हम दुकानों से चादर नहीं खरीदते, कोट और पैंट खरीदते हैं। मंदी होती तो ये कहां से खरीदते। कहा कि फिजूलखर्ची करने वालों को हमेशा मंदी सताती रहेगी। विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता आर्थिक मंदी का झूठा प्रचार कर रहें हैं