जौनपुर में भूमि विवाद में चचेरे भाई पर फेंका देसी बम, वारदात के बाद आरोपित फरार
खुटहन क्षेत्र के कपसिया गांव में विवादित आबादी की जमीन में छप्पर रखने के दौरान विवाद में मनबढ़ युवक ने अपने चचेरे भाई पर सुतली बम से हमला कर दिया। बम उसकी पीठ पर लगते ही तेज धमाके के साथ फट गया। जिससे उसकी पीठ आंशिक रूप से झुलस गयी।
जौनपुर, जेएनएन। खुटहन थाना क्षेत्र के कपसिया गांव में विवादित आबादी की जमीन में छप्पर रखने के दौरान विवाद में मनबढ़ युवक ने अपने चचेरे भाई पर सुतली बम से हमला कर दिया। बम उसकी पीठ पर लगते ही तेज धमाके के साथ फट गया। जिससे उसकी पीठ आंशिक रूप से झुलस गयी। मौके पर पहुंंची पुलिस ने एक और सुतली बम मौके सेे बरामद किया है। घायल ने अपने चचेरे भाई के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया है।
गांव निवासी सगे भाई राम अलख यादव, अखिलेश और सांवले यादव के बीच आबादी की जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार की सुबह उसी जमीन को सांवले और अखिलेश अपना छप्पर रखकर कब्जा करने लगे। जिसका राम अलख विरोध कर रहे थे। जिसको लेकर आपस में कहासुनी होने लगी। मौके पर सांवले के पुत्र कमलेश उर्फ पप्पू यादव तथा राम अलख के पुत्र मनोज यादव भी पहुंच गए। विवाद के बीच ही मनोज अपने चचेरे भाई कमलेश की पीठ को निशाना कर सुतली बम फेंक दिया।
इस दौरान पहला बम न फूटने पर दूसरा भी फेंककर मारा। जो तेज आवाज के साथ फट गया। जिससे कमलेश की शर्ट फट गई और उसकी पीठ भी आंशिक रूप से झुलस गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि यह हाथ से बनाया गया देशी बम है। इसकी क्षमता को लेकर जहां तक मेरी जानकारी है, यह जानलेवा नहीं था। फिलहाल इसकी जांच कराने के साथ ही आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।