Varanasi City Weather Update : दस बजते ही बरस रही है आंच, जल्द ही बादलों की आवाजाही का दौर
पूर्वांचल में मौसम का रुख अब बदलाव की ओर दोबारा होने जा रहा है सप्ताह भर से आसमान से बरस रही आंच से मंगलवार की शाम के बाद राहत की उम्मीद है। वातावरण में बढ़ रही नमी बादलों की सक्रियता का संदेश दे रही है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख अब बदलाव की ओर दोबारा होने जा रहा है, सप्ताह भर से आसमान से बरस रही आंच से मंगलवार की शाम के बाद राहत की उम्मीद है। वातावरण में बढ़ रही नमी बादलों की सक्रियता का संदेश दे रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार लोकल हीटिंग का स्तर भी कुछ बढ़ा है साथ ही नमी का स्तर भी। मगर जोरदार बारिश के लिए यह परिस्थिति अनुकूल नहीं है। लिहाजा बारिश के लिए नमी का और बढ़ना जरूरी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अरब सागर से बादल उठे तो हैं मगर यह नमी से युक्त न होने की वजह से हल्की से मध्यम बारिश ही करा सकते हैं। ऐसे में लोगों को दो चार दिनों के लिए राहत मिल सकती है।
मंगलवार की सुबह आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने पर दस बजे के बाद आसमान से बरसती आंच की वजह से लोगों को समस्या भी खूब हुई। दोपहर होने से पहले ही आंच की वजह से लोगों को राहत भी नहीं मिल रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का यही रुख बना रहेगा। जबकि गर्मी का असर अब पूरे दो माह तक बना रहेगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा, न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 55 फीसद और न्यूनतम 26 फीसद दर्ज की गई। वातावरण में तापमान भले ही सामान्य हो लेकिन आर्द्रता का बढ़ा स्तर वातावरण में नमी का स्तर बता रहा है। इस लिहाज से पश्चिम में बने बादलों के पूर्वांचल तक असर करने की उम्मीद है। हालांकि बारिश की संभावना काफी कम है लेकिन बादल गर्मी से लोगों को राहत दे सकते हैं। अरब सागर से आने वाले बादलों की वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादलों की सक्रियता का दौर बना हुआ है।