मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल संवाद में कहा - 'तेज गति से हो रहा विंध्य कारिडोर का कार्य'
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर नगर पालिका परिषद व नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ गुरुवार को वर्चुअल संवाद किया। कोरोना को हराने के लिए एकजुटता दिखाने के साथ प्रतिबद्धता व भागीदारी निभाने को कहा।
मीरजापुर, जेएनएन। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर नगर पालिका परिषद व नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ गुरुवार को वर्चुअल संवाद किया। कोरोना को हराने के लिए एकजुटता दिखाने के साथ प्रतिबद्धता व भागीदारी निभाने को कहा।
लालडिग्गी स्थित प्रधान कार्यालय पर मुख्यमंत्री ने पालिकाध्यक्ष मनोज जायसवाल से वर्चुअल संवाद किया। मुख्यमंत्री कोविड-19 के रोकथाम के किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। कहा कि विंध्य कारिडोर का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मीरजापुर में विकास कार्य होने के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इसलिए शहर में सैनिटाइजेशन, स्वच्छता और फागिंग के साथ शहर को स्वच्छ रखना आपकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने सालिड वेस्ट मैनेजमेंट को मजबूत करने की जरूरत बताई। अध्यक्ष ने बताया कि कोविड-19 के रोकथाम के लिए निगरानी समितियों का गठन किया गया है। समितियां कार्य कर रही हैं।
सैनिटाइजेशन, फागिंग प्रतिदिन किया जा रहा है। सभी 38 वार्डों में विशेष सफाई की जा रही है। छह केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है। कोरोना से बचाव व टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। नगर पालिका के लगभग 40 फीसद कर्मचारियों को टीका लग चुका है। शेष कर्मचारी भी जल्द टीका लगवाएंगे। नपा अध्यक्ष ने टांड गांव में बन रहे सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के तहत कूड़ा प्लांट का भी मुद्दा उठाया। कहा कि 2011 से विवाद के कारण कूड़े के प्लांट का निर्माण लंबे अरसे से रुका हुआ है। इससे कूड़े का निस्तारण करने में बड़ी समस्या आ रही है। जिला प्रशासन द्वारा दिए गए जमीन पर कूड़ा प्लांट व अस्थायी गौशाला का निर्माण प्रस्तावित है। कई बार मुख्य सचिव को अवगत कराने के बाद भी मामले का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।