मऊ में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का आगमन 13 दिसंबर को, जिला प्रशासन सुनाएगा सफलता की कहानी
राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल का जनपद में आगमन 13 दिसंबर को हो रहा है यहां उनके समक्ष भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
मऊ, जेएनएन। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का जनपद में आगमन 13 दिसंबर को हो रहा है। यहां उनके समक्ष भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जनपद की सफलता की कहानी राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव हेमंत राव ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इस बारे में जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि खुद महामहिम आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, पुलिस थाना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल व वृद्धाश्रम का भ्रमण कर उनके हालात देखेंगी। यही नहीं वे स्वयंसेवी संस्थाओं से क्षय रोगियों को देखभाल करने के लिए गोद लेने के बाबत भी चर्चा करेंगी। जिला प्रशासन ने भ्रमण के लिए तय सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण करने के लिए तीन-तीन स्थलों के नामों के पैनल की मांग की है, उनमें से किसी एक स्थल का चयन कर राज्यपाल के भ्रमण के लिए सुनिश्चित किया जाएगा।