प्रेमिका ने की थी प्रेमी की हत्या, घर के पीछे वाले कुएं में मिला था प्रेमी का शव
मंड़ुआडीह थाना के महेशपुर गांव निवासी अनिल की दो वर्ष पूर्व हुई हत्या के मामले से रहस्य का पर्दा उठ गया। उसकी हत्या कोई और ने नहीं बल्कि प्रेमिका ने ही की थी
वाराणसी, जेएनएन। मंड़ुआडीह थाना के महेशपुर गांव निवासी अनिल की दो वर्ष पूर्व हुई हत्या के मामले से रहस्य का पर्दा उठ गया। उसकी हत्या कोई और ने नहीं बल्कि प्रेमिका ने ही की थी। फिलहाल उसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह दो वर्षों से फरार चल रही थी। अनिल का शव कुएं में मिला था।
पुलिस का कहना है कि अनिल कुमार जायसवाल निवासी महेशपुर द्वारा मोबाइल से ऐसे ही नंबर मिलाते-मिलाते एक अनजान युवती का नंबर मिल गया। युवक व युवती में बातचीत होने लगी और दोनों में प्रेम हो गया। लगभग तीन वर्षों तक दोनों में बातचीत होती रही। प्रेमिका की एक बहन वाराणसी में रहती है, जहां प्रेमिका आती और अनिल से मिलती थी। दोनों का प्रेम परवान चढऩे लगा। युवक महिला के घर जिला अंबेडकरनगर में आने-जाने लगा। मृतक अनिल जायसवाल के बड़े भाई संजीव जायसवाल ने बताया कि उनका भाई अनिल घर से पांच फरवरी 2017 को निकला था और उसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। उसके बाद भाई संजीव जायसवाल ने मंडुआाडीह थाने में छोटे भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब जांच पड़ताल की तो मृतक के मोबाइल का आखिरी लोकेशन लड़की के घर के पास बता रहा था। मृतक का शव चार महीने बाद प्रेमिका के घर पीछे वाले कुएं में मिला। अनिल का कोई पता न चलने पर पिता बद्री नारायण जायसवाल बीमार हो गए थे। और 30 दिसंबर 2017 को उनकी भी मृत्यु हो गई थी। मंडुआडीह पुलिस ने जांच के बाद आरोपित युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपित युवती को कैंट स्टेशन से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जमीन विवाद में छह के खिलाफ केस दर्ज
बसनी स्थित ठाकुरपुर गांव में बीते शनिवार की शाम जमीनी विवाद में छह लोगों के खिलाफ स्थानीय थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। महिला की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई। वादिनी मोनिका देवी के अनुसार खेत में कुछ विवाद को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बावजूद इसके दूसरे पक्ष के लोगों ने खेत को जोत दिया। उन्होंने मुकदमा वापस लेने की चेतावनी भी दी है।