जौनपुर के पूर्व मंत्री व विधायक कोरोना वायरस संक्रमित, कई कार्यक्रमों में हुए थे शामिल
जौनपुर के पूर्व मंत्री व शाहगंज से सपा विधायक शैलेंद्र यादव ललई भी कोरोना की गिरफ्त में आ गए हैं। रिपोर्ट पाजिटिव होने के बाद उन्हें केजीएमसी में भर्ती किया गया है।
जौनपुर, जेएनएन। जिले के पूर्व मंत्री व शाहगंज से सपा विधायक शैलेंद्र यादव ललई भी कोरोना की गिरफ्त में आ गए हैं। रिपोर्ट पाजिटिव होने के बाद उन्हें केजीएमसी में भर्ती किया गया है। विधायक ने खुद फेसबुक के माध्यम से शुभेच्छुओं को यह जानकारी दी है। खबर लगते ही जनपद में हड़कंप मच गया है। गतदिवस यह पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव की शवयात्रा व सपा प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। संक्रमण की जानकारी होते ही लोगों में हड़कंप मच गया है।
मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल के दौरान मंत्री भी रह चुके हैं। इनके भाई ने बताया कि तीन दिन से उन्हें बुखार व खांसी की शिकायत थी। सोमवार को उल्टी होने पर चिकित्सक ने कोरोना टेस्ट करवाया। मंगलवार को टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा किया। विधायक के कोरोना पाजिटिव होने की खबर आने के बाद उनके समर्थक व शुभेच्छुकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना सोशल मीडिया पर पोस्ट कर की है।
कई कार्यक्रमों में हुए थे शामिल
12 जून को सपा के कद्दावर नेता व पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव की अंत्येष्टि में शामिल सैकड़ों लोगों में उक्त विधायक भी शामिल रहे। अगले दिन उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की प्रेसवार्ता का आयोजन भी अपने कैंप कार्यालय पर कराया था। दोनों कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नेता, पत्रकार व सामाजिक संगठनों से लोग शामिल हुए थे। विधायक की रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद लोगों में खलबली मच गई है।
विधायक के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी नहीं है
विधायक के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी नहीं है। अगर लखनऊ से सूचना आती है तो संपर्क में आने वालों को चिन्हित करके उनका नमूना लिया जाएगा। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम को सतर्क कर दिया गया है।
-डा.रामजी पांडेय, सीएमओ।
चार और कोरोना पाजिटिव, संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा 444
जौनपुर में कोरोना महामारी की रफ्तार कम नहीं हो रही है। सोमवार की रात आई रिपोर्ट में चार और कोरोना पाजिटिव मिले हैं। जिले में पीडि़तों का आंकड़ा अब बढ़कर 444 हो गया है। इनमें 187 सक्रिय केस जबकि 252 स्वस्थ हो चुके हैं। पांच संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है। हालांकि परदेसियों के आने व स्वस्थ होने के लिहाज से अभी आंकड़ा संतोषजनक हैं।