सोनभद्र के जंगल में घुसी तीन थानों की फोर्स, बरसात में नक्सलियों की घुसपैठ रोकने की कवायद
बरसात में नक्सलियों की चहलकदमी व घुसपैठ रोकने के लिए गुरुवार को सीआरपीएफ व पीएसी के जवानों के साथ सोनभद्र के तीन थानों की फोर्स ने जंगल व पहाड़ को खंगाला।
सोनभद्र, जेएनएन। बरसात में नक्सलियों की चहलकदमी व घुसपैठ रोकने के लिए गुरुवार को सीआरपीएफ व पीएसी के जवानों के साथ तीन थानों की फोर्स ने जंगल व पहाड़ को खंगाला। कोन व पुलिस ने झारखंड सीमावर्ती जंगलों में कांबिंग करने के बाद ग्रामीणों की समस्या भी सुनी। पुलिस ने समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिया है।
पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव के निर्देश पर कोन, विंढमगंज व हाथीनाला थाना की फोर्स ने कांबिंग की। ओबरा सर्किल के क्षेत्राधिकारी भाष्कर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस प्रात: आठ बजे जंगलों में घुसी। जंगलों व पहाड़ों में सर्च अभियान चलाया गया। कोन थाना क्षेत्र के बागेसोती में सघन कांबिंग की गई। कोन प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार यादव व हाथीनाला थाना प्रभारी के साथ भारी पुलिस बल, सीआरपीएफ और पीएसी के जवान मौजूद रहे। झारखंड राज्य के सीमा से सटे कोन थाना क्षेत्र के बागेसोती के जंगलों में कांबिंग करते हुए नक्सली गतिविधियों की जानकारी चरवाहों और आसपास के लोगों से ली गयी। झारखंड राज्य के सीमा से सटे गांव के ग्रामीणों से बातचीत कर नक्सली गतिविधियों का जायजा लिया गया। ग्रामीणों को भयमुक्त रहने का भरोसा दिलाया गया। कहा गया कि पुलिस जनता के सहयोग के लिए तत्पर है। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस ने बागेसोती में ग्रामीणों की समस्या भी सुनी और उसके निस्तारण का भरोसा दिलाया। भूमि विवाद के कई मामले सामने आने पर ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और विवाद की जानकारी पास के थाना में दिए जाने की अपील की गई। इस दौरान वैश्विक महामारी कोरोना के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।