बलिया में फसल बोआई कर रहे यूपी के किसानों को फायरिंग कर बिहार के दबंगों ने भगाया, मचा हड़कंप
विवादित क्षेत्र में प्रतिवर्ष असलहों के बल पर खेती और फसल काटने की घटनाएं आजादी के बाद से ही होती रही हैं।
बलिया, जेएनएन। गंगा उस पार उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमा पर बैरिया क्षेत्र में अपने - अपने खेतों की बोआई कर रहे उत्तर प्रदेश के किसानों पर बिहार के दबंगों द्वारा रविवार की शाम फायरिंग कर दहशत फैलाने की घटना सामने आई है। इस विवादित क्षेत्र में प्रतिवर्ष असलहों के बल पर खेती और फसल काटने की घटनाएं आजादी के बाद से ही होती रही हैं। आज तक सीमांकन तय न होने की वजह से दोनों प्रदेशों के बीच फसल को लेकर गोली चलने की घटनाएं आम हैं।
नौरंगा के बगल में उत्तर प्रदेश के बैरिया तहसील अंतर्गत रामपुर मौजा में नौरंगा के कुछ किसान अपने खेतों में रविवार की शाम को मसूर की फसल बो रहे थे। इसी दौरान ढाबी की तरफ से एक दर्जन से अधिक असलहाधारी दबंग आए और फायरिंग करने लगे। जिससे उत्तर प्रदेश के किसान अपनी जान बचाकर भाग खड़े हुए। फायरिंग के बाद बिहारी दबंग भी करीमन ठाकुर के डेरा के रास्ते ढाबी में चले गए।
उत्तर प्रदेश के गंगा उस पार नौरंगा के किसान अपने खेतों की बोआई कर रहे थे। वे इस घटना के बाद इतनी तहशत में हैं कि किसी भी दबंग का नाम बताने से बच रहे हैं। दूसरी तरफ बैरिया के एसएचओ संजय त्रिपाठी से इस बाबत पूछने पर उन्होंने बताया कि गोली चली भी होगी तो बिहार सीमा में चली होगी, उत्तर प्रदेश के सीमा में नहीं। ऐसे भी इस घटना की कोई भी लिखित या मौखिक सूचना अभी तक नहीं दी गई है।