सेना भर्ती में फर्जी खेल प्रमाण पत्र देने व लेने वाले के खिलाफ दर्ज होगी एफआइआर
रणबांकुरे स्टेडियम में इन दिनों सेना भर्ती रैली चल रही है। इसमें भर्ती होने के लिए रोजाना हजारों युवा आते हैं। सेना मेधावी खिलाडिय़ों को भर्ती में विशेष छूट देती है।
वाराणसी, जेएनएन। रणबांकुरे स्टेडियम में इन दिनों सेना भर्ती रैली चल रही है। इसमें भर्ती होने के लिए रोजाना हजारों युवा आते हैं। सेना मेधावी खिलाडिय़ों को भर्ती में विशेष छूट देती है। उनको लंबाई में, छाती की चौड़ाई में और वजन में छूट मिलती है लेकिन इनमें से केवल एक श्रेणी में ही छूट मिलती है।
भर्ती निदेशक कर्नल आरएस ठाकुर ने बताया कि रोजाना कई युवा भिन्न-भिन्न खेल संस्थाओं से जारी खेल प्रमाण पत्र लेकर आते हैं। जांच के दौरान ये प्रमाण पत्र मानक के अनुरूप नहीं होते हैं। इस तरह के प्रमाण पत्रों को जारी करने वालों के खिलाफ और इस तरह के प्रमाण पत्र लाने वालों के खिलाफ एफआइआर कराई जाएगी।
उन्होंने युवकों को सलाह दी कि वह भर्ती में आने से पहले अपने प्रमाण पत्रों को जिला या क्षेत्रीय खेल कार्यालय से प्रमाणित करा ले ताकि पता चल सके कि उनका प्रमाण पत्र किस स्तर का है। युवाओं को भारतीय सेना के बेवसाइट पर जाकर देखना चाहिए कि कौन-कौन से खेल मान्यता प्राप्त हैं और उनको जारी करने का अधिकार किसी संस्था के पास है।
5164 युवा दौड़े
सेना भर्ती रैली में मंगलवार को 5164 युवाओं ने मंगलवार को सेना भर्ती रैली में दौड़ लगाई। इनमें से 421 युवा ही निर्धारित समय में दौड़ पूरी कर सके। जबकि 7351 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। गुरुवार को गाजीपुर जनपद के जमानिया, गाजीपुर और सेवराइ तहसील के 7244 युवाओं ने पंजीकरण कराया है।