मऊ में दो मेडिकल स्टोर संचालकों पर FIR, शारीरिक दूरी का पालन न करने पर टीम ने की कार्रवाई
मऊ जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी के निर्देश पर शहर के फातिमा चौराहे पर स्थित दो मेडिकल हाल संचालकों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराई गई है।
मऊ, जेएनएन। कोरोना वायरस के मद्देनजर घोषित किए गए लॉकडाउन को लेकर प्रशासन पूरी तरह फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। हर जगह शारीरिक दूरी बनाने की हिदायत दी जा रही है। इसके बावजूद मेडिकल हाल संचालक भीड़ लगाकर दवाएं प्रदान कर रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी के निर्देश पर शहर के फातिमा चौराहे पर स्थित दो मेडिकल हाल संचालकों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराई गई है। इससे मेडिकल हाल संचालकों में हड़कंप की स्थिति व्याप्त है।
शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए टीम गठित की गई है। इसमें सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान, अभिहित अधिकारी श्रवण त्रिपाठी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, औषधि निरीक्षक अरङ्क्षवद कुमार शामिल हैं। इनकी संयुक्त टीम सोमवार को दिन में ग्यारह बजे के करीब फातिमा चौराहे पर पहुंची। यहां रूद्र मेडिकल स्टोर व सूर्या मेडिकल स्टोर खुले पाए गए। यहां भीड़ जुटा कर लोगों को दवाएं दी जा रही थी। टीम ने भीड़ को दूर-दूर किया। इसके बाद अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों मेडिकल हाल संचालकों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया। औषधि निरीक्षक अरङ्क्षवद कुमार यादव की तहरीर पर शहर कोतवाली में दोनों मेडिकल हाल संचालकों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली गई है। अभिहित अधिकारी श्रवण त्रिपाठी ने बताया कि कई बार दोनों मेडिकल हाल संचालकों को शारीरिक दूरी बनाने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद संचालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे।